इंदौर। इंदौर के साहित्य, कला और सांस्कृतिक जगत की जानी-मानी हस्ती जयंत भिसे का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उनके जाने से इंदौर ही नहीं, पूरे मध्य प्रदेश के कला और रंगमंच जगत में शोक है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, सानंद न्यास के मानद अध्यक्ष और भारत भवन के न्यासी थे। वे भोपाल स्थित उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत कला अकादमी के पूर्व निदेशक भी रहे। भाजपा में वे महानगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
सानंद के जरिए रंगमंच को नई पहचान दी
जयंत भिसे ने इंदौर में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सानंद संस्था की स्थापना की थी। उनके प्रयासों से यह संस्था नाटक, संगीत और कला के आयोजनों का प्रमुख मंच बनी। इसके जरिए देश के कई बड़े कलाकारों और रंगकर्मियों को इंदौर में प्रस्तुति देने का अवसर मिला। मराठी रंगमंच को आगे बढ़ाने और शहर के दर्शकों को सालभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने में उनका योगदान खास रहा।
उनके एक आत्मीय स्मरण में स्वदेश के समूह संपादक अतुल तारे ने उन्हें फिल्म 'आनंद' रियल हीरो जैसा बताया, जो अपनी तकलीफों के बावजूद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटता रहा। जयंत भिसे का जीवन और सानंद के रूप में उनकी बनाई विरासत लंबे समय तक इंदौर के सांस्कृतिक जगत में याद की जाएगी ।