बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी। संभावित हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर रविवार, 22 नवंबर 2026 को नवीन पुलिस लाइन, गौरीगंज में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक शशांक चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास कराया गया।
सायरन बजते ही बुझ गईं बत्तियां
मॉक ड्रिल के दौरान काल्पनिक परिदृश्य के तहत सूचना दी गई कि शत्रु देश के बमवर्षक विमान अमेठी की ओर बढ़ रहे हैं और उनका संभावित निशाना गौरीगंज पुलिस लाइन है। सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी की अनुमति से हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन दो मिनट तक बजाया गया। सायरन बजते ही निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। परिसर में मौजूद लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा आवश्यकतानुसार जमीन पर लेटकर दोनों कान बंद कर स्वयं को सुरक्षित रखने का अभ्यास कराया गया।
बमबारी, आग और रेस्क्यू का अभ्यास
इसके बाद काल्पनिक हवाई हमले के दौरान पुलिस लाइन परिसर में बमबारी, आग लगने, भवनों के क्षतिग्रस्त होने तथा पुलों के ध्वस्त होने जैसी परिस्थितियां प्रदर्शित की गईं। विमानों के क्षेत्र से चले जाने की सूचना के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया गया और विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। इसके तत्काल बाद विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव टीमें सक्रिय हो गईं। अग्निशमन वाहनों की मदद से आग बुझाने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एएलएस एंबुलेंस के माध्यम से तथा सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बसों से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, प्रशिक्षित आपदा मित्रों एवं अन्य बचाव कर्मियों ने समन्वित ढंग से राहत कार्यों को अंजाम दिया।
डीएम ने कहा - तैयारियों को परखना उद्देश्य
अभ्यास के अंत में संपूर्ण स्थिति का आकलन कर जिलाधिकारी के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आपात स्थिति में सभी संबंधित विभागों की तैयारियों को परखना, उनके बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सजग बनाना है। इस प्रकार के अभ्यास से आपदा के समय अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है और राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की क्षमता विकसित होती है।
एसपी ने कहा - तत्परता का हुआ परीक्षण
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कहा कि इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल, अर्धसैनिक बल एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय का प्रभावी परीक्षण किया गया है। ऐसे अभ्यास सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने के साथ ही वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करने में सहायक होते हैं।
कौन-कौन रहा मौजूद
मॉक ड्रिल में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, उप जिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा पंकज कुमार, आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों, प्रशिक्षित आपदा मित्रों, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत विभाग, सीआरपीएफ, पीआरडी, स्काउट-गाइड, एनसीसी एवं होमगार्ड के जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।