प्रमोद शर्मा, हापुड़: जनपद में अवैध मिट्टी खनन और भराव का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित इंद्रलोक कॉलोनी में मिट्टी का भराव लगातार जारी रहने से खनन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता जमीन पर दिखाई नहीं दे रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय शिकायतकर्ताओं से केवल लोकेशन मांगकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब भी मिट्टी के अवैध भराव की शिकायत की जाती है तो संबंधित अधिकारी मौके की लोकेशन मांगते हैं। इसके बाद कुछ दिनों के लिए भराव का काम बंद हो जाता है, लेकिन कुछ समय बीतते ही कथित रूप से दोबारा मिट्टी डालने का सिलसिला शुरू हो जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर शिकायत के बाद कुछ दिनों तक काम बंद रहने और फिर दोबारा शुरू होने के पीछे क्या वजह है? क्या विभाग की निगरानी केवल शिकायत मिलने तक ही सीमित है?
लोगों का कहना है कि यदि भराव का कार्य नियमानुसार और आवश्यक अनुमति लेकर किया जा रहा है तो विभाग को इसकी स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए। वहीं यदि बिना अनुमति मिट्टी डाली जा रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने विभागीय मिलीभगत की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि खनन विभाग के अधिकारी क्षेत्र में नियमित निरीक्षण क्यों नहीं कर रहे? क्या विभाग के पास अवैध मिट्टी भराव रोकने के लिए कोई प्रभावी निगरानी व्यवस्था नहीं है या फिर शिकायतों को ठंडे बस्ते में डालकर मामले को रफा-दफा किया जा रहा है?
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर इंद्रलोक कॉलोनी में चल रहे मिट्टी भराव की जांच कराने, भराव की अनुमति और मिट्टी के स्रोत की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद कुंभकरणी नींद में सोया खनन विभाग जागता है या फिर इंद्रलोक कॉलोनी में अवैध भराव का खेल इसी तरह चलता रहेगा।