थाना हाफिजपुर क्षेत्र में कथित अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर की टक्कर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सक्रिय कार्यकर्ता की मौत हो गई।
प्रमोद शर्मा, हापुड़: थाना हाफिजपुर क्षेत्र में कथित अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर की टक्कर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सक्रिय कार्यकर्ता की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार ग्राम महमूदपुर निवासी सतीश कुमार पुत्र राजपाल सिंह (40) सपनावत खंड में संघ के जनसंपर्क प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। बताया गया है कि ग्राम घुंगराला क्षेत्र में अवैध खनन में लगे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सतीश कुमार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और संघ की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे दो छोटे पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कथित अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।