ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने शोक जताया। वहीं, पीएम ने 2 लाख, सीएम मोहन यादव ने 4 लाख रुपए की सहायता घोषित की, घायलों का इलाज मुफ्त होगा।
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के शीतला माता मंदिर के पास नवरात्रि पर्व के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ढलान होने के चलते बेकाबू ट्रक ने माता के पंडाल पर मौजूद लोगों को कुचलते हुए निकल गए। दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की जान चली गई है। वहीं, दर्जनों घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही देश के शीर्ष नेतृत्व ने दुख जताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। प्रधानमंत्री और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान भी किया है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय यानी पीएमओ ने भी एक्स पर पीएम का संदेश साझा किया। पोस्ट में लिखा गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
पीएमएनआरएफ से मिलेगी अनुग्रह राशि
प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष यानी पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।" उन्होंने फेसबुक पोस्ट में बताया कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी घायलों का इलाज नि:शुल्क होगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। उन्होंने कहा, "मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

एमपी के पूर्व सीएम ने भी दुख जताया
ग्वालियर हादसे को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया एक्स पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति!
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भी जताया शोक
मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने एक्स पर लिखा, "ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।"