बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: किसी के घर में दीप जल रहे थे, तो कहीं दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं। लेकिन अमेठी के कुछ किसान परिवारों के लिए यह त्योहार जिंदगीभर का दर्द दे गया। जिस धान की फसल को महीनों की मेहनत और पसीने से सींचा था, वह कुछ ही पलों में आग की लपटों में समा गई।
जिस घर में खुशियां आनी थीं, वहां मायूसी ने दस्तक दे दी
मामला अमेठी थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, खेत में पराली जलाने के दौरान आग फैल गई और देखते ही देखते आसपास के धान के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों ने किसानों की सालभर की मेहनत को राख कर दिया।
सुनहरी फसल की जगह खेतों में अब बर्बादी का मंजर है
इस अग्निकांड में नौगिरवा ग्रामसभा निवासी अरुण कुमार सिंह की करीब ढाई बीघा धान की फसल जलकर बर्बाद हो गई। वहीं स्वर्गीय केदारनाथ सिंह के पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह की लगभग डेढ़ बीघा फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। इसके अलावा पूरे सिंनेट, टिकारी ग्रामसभा निवासी विजय बहादुर सिंह, लाल सिंह, अजय कुमार सिंह और सुनील कुमार सिंह के खेतों में भी आग से भारी नुकसान हुआ है।
किसानों ने फसल के साथ अपने अरमानों को भी जलते देखा
जिन खेतों में कुछ दिन पहले तक अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, वहां अब राख और नुकसान की कहानी बाकी है। किसी को बच्चों की पढ़ाई की चिंता है तो किसी को परिवार की जरूरतें पूरी करने की। किसानों के लिए यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि पूरे साल की आमदनी पर लगा गहरा झटका है।
दीपावली के दिन कई किसान परिवारों के घरों में खुशियों की जगह चिंता छा गई
अब प्रभावित किसानों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। उन्होंने राजस्व विभाग से मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि संकट की इस घड़ी में उनके परिवारों को राहत मिल सके।
एक छोटी सी लापरवाही, दूसरे किसान की सालभर की मेहनत बर्बाद कर सकती है
किसान भाइयों से अपील है कि पराली जलाने से बचें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं। खेत में उठी आग की लपटें सिर्फ पराली नहीं जलातीं, बल्कि दूसरे किसान के परिवार की उम्मीदें और खुशियां भी छीन सकती हैं। एसडीएम अभिनीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई ,मौके पर राजस्व टीम को भेज कर नुकसान का आकलन कराया जाएगा ।