MP Crime News: मीडिया और अखबार की आड़ में पंचायत प्रतिनिधियों को ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले एक बड़े गिरोह का नागपुर क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। भोपाल से संचालित हो रहे इस नेटवर्क की कमान दो सगी बहनों के हाथ में थी, जिनके बैंक खातों में बीते तीन वर्षों के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है।
कैसे चलता था वसूली का नेटवर्क?
जांच में सामने आया है कि आरोपी मोनिका सूर्यवंशी और उसकी बहन नेहा भोपाल में तीन फर्जी कॉल सेंटर चला रही थीं। इस काम के लिए करीब 35 लड़कियों की टीम लगाई गई थी, जो देश के 8 राज्यों के लगभग 25 हजार सरपंचों और सचिवों को फोन करती थीं। कॉल करने वाली लड़कियां खुद को अखबार या मीडिया से जुड़ा बताकर पंचायत प्रतिनिधियों से अखबार में विज्ञापन छपवाने के नाम पर रुपये मांगती थीं। जो सरपंच या सचिव रकम देने से इनकार करते थे, उन्हें पंचायत में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की खबर प्रकाशित करने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था।
भोपाल में ताबड़तोड़ छापेमारी
नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने सुरागों के आधार पर भोपाल के हर्षवर्धन नगर, निशातपुरा और एमपी नगर इलाकों में एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में दो बहनों समेत कुल चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से अपराध से जुड़े अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं। जिनमें 54 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और 1 प्रिंटर शामिल है। इसके अलावा देशभर के सरपंचों और सचिवों के मोबाइल नंबर दर्ज 618 रजिस्टर भी पुलिस के हाथ लगे हैं।