रायपुर। दीपावली 2026 में तिथियों को लेकर इस बार कई लोग उलझन में हैं। धनतेरस कब पड़ेगी, दीपदान किस समय करें और लक्ष्मी कुबेर पूजा का सबसे अच्छा मुहुर्त कौन सा है। इन सवालों पर अलग अलग बातें सुनने को मिल रही हैं। पंडितों के अनुसार, रमा एकादशी से दीपावली तक की तारीखें और मुहूर्त बताए हैं। उनके अनुसारप धनतेरस 6 नवंबर को और दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी।
घरों और बाजारों में दिख रही रौनक
त्योहार को लेकर घरों में सफाई, रंग रोगन और सजावट का काम जोर पर है। बाजारों में भी खरीदारी शुरू हो गई है। इतना ही नहीं लोग माता लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी में लगे हैं। पंडितों के अनुसार 5 नवंबर गुरुवार को रमा एकादशी व्रत रहेगा। इसके अगले दिन 6 नवंबर शुक्रवार को धनतेरस और प्रदोष व्रत दोनों पड़ रहे हैं।
धनतेरस पर कब करें पूजा और दीपदान
धनतेरस के दिन सुबह 7:33 से 10:22 बजे तक अमृत योग रहेगा। इसके बाद 11:47 बजे से दोपहर 1:11 बजे तक शुभ योग बन रहा है। आचार्य हितेंद्र शर्मा का कहना है कि पूजा पाठ इन्हीं समयों को ध्यान में रखकर करना बेहतर होगा। इस दिन दीप पूजन का खास महत्व माना गया है। 13 मिट्टी के दीपक जलाने के लिए रात 8:26 से 10:12 बजे तक का समय शुभ बताया गया है।
7 नवंबर को मनेगा कई पर्वों का संयोग
शनिवार 7 नवंबर को धनवंतरी जयंती, नरक चतुर्दशी, हनुमान जयंती और मास शिवरात्रि एक साथ पड़ेंगे। इस दिन सुबह 10:47 बजे से भद्रा लगेगी, जो कि रात 11:07 तक रहेगी।
8 नवंबर को लक्ष्मी कुबेर पूजा के मुहूर्त
रविवार 8 नवंबर को नरक चतुर्दशी और अमावस्या का संयोग है और इसी दिन दीपावली मनेगी। लक्ष्मी और कुबेर की पूजा के लिए दोपहर 1:11 से 2:36 बजे तक शुभ योग रहेगा। शाम 5:24 से रात 8:36 बजे तक अमृत योग रहेगा। इसके अलावा अलग अलग लग्न में रात 2:25 बजे तक पूजा के मुहूर्त बताए गए हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा से इनमें से किसी भी समय पूजा कर सकते हैं।