Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

दतिया उपचुनाव में भाजपा की सख्ती

दतिया उपचुनाव:संदेश सख्त: अनुशासन में रहें सभी कार्यकर्ता, नेतृत्व ने संभाला मोर्चा

दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने दिखाई सख्ती, कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें और अनुशासन की अपेक्षा। नेतृत्व ने अराजकता पर व्यक्त की नाराजगी।


दतिया उपचुनावसंदेश सख्त अनुशासन में रहें सभी कार्यकर्ता नेतृत्व ने संभाला मोर्चा

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दिनभर ली कार्यकर्ताओं की बैठक

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर रविवार को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दिनभर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की अनुपस्थिति उल्लेखनीय रही। हालांकि, उनका टिकट कटने के बाद इस्तीफा देने वाले अधिकांश कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित थे। पार्टी नेतृत्व ने सभी की बातें ध्यान से सुनीं और स्पष्ट संकेत दिए कि पार्टी में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में नेतृत्व ने शनिवार को हुए प्रदर्शन और अराजकता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस बीच नेतृत्व के सख्त तेवरों को देखते हुए रविवार को किसी भी महत्वपूर्ण पदाधिकारी ने इस्तीफा नहीं दिया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को ही स्पष्ट कर दिया था कि उन्हें कोई इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। इधर, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सुबह दतिया पहुंचे। पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कहा कि पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जो विकास कार्य किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच बैठकों का दौर शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा।

नाराज समर्थकों को दी गई समझाइश

बैठकों में मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, संभाग प्रभारी डॉ. अखंड प्रताप सिंह यादव, मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, सांसद संध्या राय, विधायक प्रदीप अग्रवाल तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सामूहिक एवं व्यक्तिगत बैठकों के माध्यम से समझाइश दी गई। बैठक में डॉ. नरोत्तम मिश्रा स्वयं उपस्थित नहीं हुए, लेकिन उनके अधिकांश समर्थक, जिन्होंने टिकट कटने के बाद हंगामा किया था, बैठक में मौजूद रहे।बैठक में जिलाध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सबसे पहले पदाधिकारियों के इस्तीफे की बात कही थी। प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को हर हाल में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी के प्रमुख जनों की बैठक लेकर स्थिति संभाली। दो दिनों के भीतर भाजपा संगठन ने सक्रिय होकर हालात को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नामांकन में होंगे शामिल

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद दोपहर एक बजे किला चौक पर आमसभा आयोजित की जाएगी।

डॉ. मिश्रा की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय

शनिवार को हुई समझाइश के बावजूद रविवार को भी डॉ. नरोत्तम मिश्रा का दतिया में मौजूद न होना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वह अभी अपनी रणनीति पर विचार कर रहे हैं। पहले उनके डबरा स्थित निवास पर होने और बाद में दिल्ली जाने की भी चर्चा रही।

दो दिन तक दतिया में गर्माई रही राजनीति

गौरतलब है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार रात से प्रदर्शन शुरू कर दिया था। उन्होंने हाईवे जाम कर दिया, जिसे करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर खुलवाया। इस दौरान आठ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इसके बाद प्रशासन ने बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी और 27 भाजपा नेताओं सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।शनिवार दोपहर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की। शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के साथ उनकी बैठक हुई। इसके बाद डॉ. मिश्रा ने समर्थकों से फोन पर बात कर उन्हें समझाइश भी दी।

सीट बचाने के लिए कांग्रेस भी झोंकेगी पूरी ताकत

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दतिया सीट पर जीत बरकरार रखने के लिए कांग्रेस ने भी पूरी ताकत लगाने की तैयारी कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने इसकी जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को संयुक्त रूप से सौंपी है। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिग्विजय सिंह भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

आशुतोष ने लिया पीतांबरा माई का आशीर्वाद

विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद आशुतोष तिवारी रविवार को पहली बार दतिया पहुंचे। उन्होंने मां पीतांबरा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और चुनाव अभियान की शुरुआत का संदेश दिया।पीतांबरा पीठ परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके साथ सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक घनश्याम पिरौनिया तथा संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।आशुतोष तिवारी ने कहा, "माई ने सेवा के लिए बुलाया है। पार्टी ने कहा है, जाओ और सेवा करो।" उन्होंने कहा कि वे डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में काम करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने सार्वजनिक रूप से डॉ. नरोत्तम मिश्रा के विरुद्ध किसी भी प्रकार की बयानबाजी से बचने की रणनीति अपनाई है, क्योंकि स्वयं डॉ. मिश्रा ने भी सार्वजनिक रूप से कोई आपत्तिजनक बयान नहीं दिया है। पार्टी नेतृत्व नामांकन तक संयम बनाए रखते हुए स्थिति पर नजर रखे हुए है, हालांकि बीते दिन हुए उपद्रव को लेकर वह चिंतित भी है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मिश्रा के समर्थन में पहले सोशल मीडिया पर इस्तीफों की चर्चा, फिर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम, तोड़फोड़ और प्रशासन पर पथराव जैसी घटनाओं को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। इसी क्रम में भोपाल में पार्टी नेतृत्व ने डॉ. मिश्रा को तलब कर अपनी नाराजगी भी व्यक्त की।नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उनकी वरिष्ठता का पूरा सम्मान किया जाएगा, लेकिन इसके लिए सबसे पहले उन्हें स्वयं अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रखना होगा। पार्टी दबाव में झुकने वाली नहीं है। साथ ही दतिया और आसपास के राजनीतिक माहौल का भी लगातार आकलन किया जा रहा है। पार्टी का मानना है कि जो उबाल दिखाई दिया, वह काफी हद तक प्रायोजित था, जबकि जमीनी स्तर पर संगठन के निर्णय को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

Related to this topic: