Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश

Datia By election Update

दतिया उपचुनावः BJP- कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, Congress दो डमी कैंडिडेट भी उतारे

दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस ने तकनीकी विवाद से बचने के लिए डमी उम्मीदवार भी उतारे, जबकि भाजपा ने जीत का दावा दोहराया।


दतिया उपचुनावः bjp- कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया congress दो डमी कैंडिडेट भी उतारे

Datia By Election News |

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी मुकाबला तेज हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दाखिल कराया। इस दौरान दोनों दलों ने रैलियों और जनसभाओं के जरिए शक्ति प्रदर्शन भी किया।

एक ओर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ नामांकन भरा, तो दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में प्रदेश नेतृत्व और इंडिया गठबंधन के नेता एक मंच पर नजर आए।

राज्यसभा चुनाव से सबक लेकर कांग्रेस ने अपनाई नई रणनीति

इस बार कांग्रेस ने केवल अधिकृत प्रत्याशी का ही नहीं, बल्कि दो डमी उम्मीदवारों का भी नामांकन दाखिल कराया। पार्टी ने यह कदम किसी संभावित तकनीकी या कानूनी अड़चन से बचने के लिए उठाया है। राज्यसभा चुनाव के दौरान नामांकन प्रक्रिया में हुई गलती के बाद कांग्रेस इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

भाजपा ने नामांकन के साथ किया शक्ति प्रदर्शन

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे। नामांकन के बाद आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने नरोत्तम मिश्रा से कहा कि अब आशुतोष तिवारी की जीत की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।

सभा में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा

भाजपा की सभा में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए। उन्होंने कांग्रेस के उस आरोप का जवाब दिया, जिसमें भाजपा के भीतर मतभेद होने की बात कही जा रही थी। मिश्रा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर चुनाव जीतेगी।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

नामांकन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर जनता असंतुष्ट है। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि दतिया की जनता बदलाव के पक्ष में है और कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से बढ़ा चुनावी तापमान

कांग्रेस के नामांकन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, अशोक सिंह और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दतिया उपचुनाव में प्रचार अभियान और तेज होने की उम्मीद है।

Related to this topic: