बेंगलुरु के नेलमंगला में ट्रैकिंग के दौरान सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय रहस्यमयी तरीके से लापता हुए। उनकी खोज में 80 से अधिक लोग जुटे हुए हैं।
बेंगलुरु के पास ट्रैकिंग के दौरान रहस्यमय तरीके से गायब हुआ सॉफ्टवेयर इंजीनियर; 80 से ज्यादा लोगों की टीम जुटी, CCTV फुटेज और हर संभावित रास्ते को खंगाल रही पुलिस
इंदौर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय के लापता होने का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। बेंगलुरु के पास नेलमंगला तालुक की शिवगंगा पहाड़ी पर ट्रैकिंग के दौरान अद्वैत अचानक गायब हो गया था। उसे लापता हुए 6 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।बेटे की तलाश में उसकी मां इंदौर में बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। हर गुजरते दिन के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
80 से ज्यादा लोग पहाड़ी पर चला रहे सर्च ऑपरेशन
अद्वैत की तलाश में पुलिस के साथ SDRF और अन्य बचाव दलों के 80 से ज्यादा लोग जुटे हुए हैं। पहाड़ी के दुर्गम और खतरनाक इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।तलाश के लिए ड्रोन और मेटल डिटेक्टर की मदद ली जा रही है। पुलिस शिवगंगा पहाड़ी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अद्वैत की आखिरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
क्या अद्वैत ने बदला था पहाड़ी पर जाने का रास्ता?
जांच में पुलिस इस संभावना पर भी काम कर रही है कि पहाड़ी पर पहुंचने के बाद अद्वैत ने निर्धारित ट्रैकिंग रूट के बजाय कोई दूसरा रास्ता तो नहीं पकड़ लिया था।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने पहाड़ी पर चढ़ने के लिए तय रास्ते का इस्तेमाल किया था या किसी अन्य मार्ग से गया था। दुर्गम इलाकों में तलाशी के दौरान टीमों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
वाइटफील्ड संभाग के पुलिस उपायुक्त सैदुल अदावत के मुताबिक, पुलिस अद्वैत की गतिविधियों से जुड़ी अलग-अलग संभावनाओं की जांच कर रही है। पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर शिवगंगा पहाड़ी पर अद्वैत कहां चला गया? छह दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। वहीं, पुलिस और बचाव दल हर संभावित जगह पर उसकी तलाश कर रहे हैं।