Grandmaster Anuj Shrivatri: मध्य प्रदेश के खेल जगत में दीपावली के मौके पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ी है। कटनी जिले के 22 वर्षीय युवा शतरंज खिलाड़ी अनुज श्रीवात्री ने फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन चेस चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस शानदार जीत के साथ ही अनुज मध्य प्रदेश के पहले और भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं।
वियतनाम के खिलाड़ी को पीछे छोड़ा
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अनुज ने बेहद शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 राउंड के मुकाबले में कुल 7 अंक हासिल किए। आखिरी के दोनों मुकाबले जीतकर अनुज ने वियतनाम के अनुभवी ग्रैंडमास्टर गुयेन डुक होआ को आधे अंक से पछाड़ते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। सामान्यतः फीडे नियमों के अनुसार ग्रैंडमास्टर बनने के लिए खिलाड़ी के पास 2500 फिडे रेटिंग अंक और 3 नॉर्म्स (Norms) होना अनिवार्य होता है, लेकिन अनुज ने इस चैम्पियनशिप को अपने नाम करते हुए 2450 रेटिंग अंक पर ही सीधे ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल कर लिया। यानी उन्होंने तय मानकों से 50 अंक पहले ही यह विशिष्ट उपलब्धि अपने नाम कर ली। भारत में शतरंज के इतिहास में साल 1987 में विश्वनाथ आनंद देश के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे, और अब इस गौरवशाली फेहरिस्त में अनुज श्रीवात्री देश के 100वें ग्रैंडमास्टर के रूप में शामिल हो गए हैं।
दिल्ली वापसी और कटनी में जश्न
फिलीपींस में देश का मान बढ़ाने वाले अनुज श्रीवात्री 11 नवंबर को स्वदेश लौटकर दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही कटनी स्थित उनके पैतृक निवास और खेल प्रेमियों में आतिशबाजी व मिठाइयां बांटकर जश्न मनाने का दौर शुरू हो गया है।