भोपाल देह व्यापार और कन्वर्जन मामले में आरोपी अमरीन और चंदन की रिमांड बढ़ी। ब्लैकमेलिंग, जब्ती कार्रवाई और बजरंग दल के प्रदर्शन के बीच जांच तेज
मुस्लिम बहनें अमरीन और आफरीन का एक और कारनामा बुधवार को सामने आया। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि वे हिंदू लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने के बाद उनकी रकम भी हड़प लेती थीं। दोनों बहनें पीड़िताओं के वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करती थीं और देह व्यापार के लिए मजबूर करती थीं.इधर, अमरीन और चंदन की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए फिर से रिमांड पर लिया गया है।
चंदन को कई ठिकानों पर ले जाया गया
चंदन यादव, जिसने हिंदू धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म अपनाया था, उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने कई जगहों पर जब्ती की कार्रवाई की। इसके अलावा रिमांड के दौरान बंद कमरे में अमरीन से भी पूछताछ की गई। वहीं पीड़िताओं को लेकर उन नियमित ठिकानों पर ले जाया गया, जहां-जहां उनके साथ ज्यादती की जाती थी। पुलिस इन सभी स्थानों का नक्शा तैयार कर रही है।
हिंदू युवतियों को सुरक्षा देने की मांग
घटना को लेकर विरोध जताते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बुधवार को बागसेवनिया थाने का घेराव किया। नारेबाजी करते हुए मुस्लिम बहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हिंदू युवतियों को सुरक्षा का वातावरण देने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपते हुए महर्षि अरविंद प्रखंड के मंत्री अखिलेश उपाध्याय ने बताया कि शारीरिक शोषण और कन्वर्जन के खेल को लेकर हिंदू समाज में भारी आक्रोश है।
एडिशनल एसपी थाने पहुंचे
इस प्रकरण को लेकर जिला विशेष शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर मुजाल्दे बागसेवनिया थाने पहुंचे। उस समय थाना प्रभारी अमित सोनी मौजूद नहीं थे, इसलिए कन्वर्जन और ज्यादती से जुड़े मामलों की जांच में शामिल पुलिसकर्मियों से उन्होंने जानकारी ली। वहीं चंदन यादव से भी पूछताछ की गई।
चार दिन की रिमांड पर लिया गया
पुलिस रिमांड पर मौजूद अमरीन खान और उसके प्रेमी चंदन यादव को जिला अदालत में पेश किया गया। आरोपियों से जुड़े कई अहम सबूत जुटाने के लिए गुजरात के अहमदाबाद जाकर जांच करने की मांग पुलिस ने रखी थी। इसके लिए दोनों आरोपियों को एक मार्च तक रिमांड पर सौंपने का अनुरोध किया गया, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।
यह है पूरा मामला
बागसेवनिया थाने में 22 फरवरी को दो महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर ज्यादती करने और कन्वर्जन की कोशिश करने का मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में दो सगी बहनें अमरीन खान उर्फ माहिरा और आफरीन खान, अमरीन का प्रेमी चंदन यादव, आफरीन का रिश्तेदार चानू, अहमदाबाद निवासी यासिर और बिलाल के खिलाफ अलग-अलग दो प्रकरण दर्ज किए गए थे।पुलिस ने अमरीन खान, आफरीन खान और चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। गिरफ्तारी से बचाने के लिए गुजरात से एक एसयूवी वाहन में कई लोग भोपाल पहुंचे थे, लेकिन मीडिया में बात सामने आने के बाद वे सभी गायब हो गए।
अमरीन और चंदन सागर रॉयल विला में किराए के मकान में रहते थे। इसी मकान में दोनों पीड़िताओं को अलग-अलग समय पर काम दिलाने के बहाने बुलाया गया और चंदन ने उनके साथ ज्यादती की। इसके बाद फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया और अलग-अलग शहरों में देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया।मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने पर यह मामला बागसेवनिया थाने तक पहुंचा। फिलहाल आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन साइबर क्राइम शाखा को भेजे गए हैं, जिनमें से डिलीट की गई चैट रिकवर की जा रही है।