विवेक सिंह संवाददाता, संग्रामपुर,अमेठी: 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को लेकर रविवार को अमेठी, शुकुल बाजार, मुंशीगंज, गौरीगंज, जगदीशपुर और संग्रामपुर समेत कई बाजारों की बैंक शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ रही। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका में खाताधारकों ने पहले ही जरूरी जमा-निकासी और अन्य काम निपटाए।
संग्रामपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के प्रबंधक उपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में रविवार को अधिक ग्राहक पहुंचे। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक मिश्रौली शाखा में करीब 10 से 15 लाख रुपये की जमा-निकासी हुई।
शीतलागंज शाखा के प्रबंधक अतुल कुमार द्विवेदी ने बताया कि हड़ताल की जानकारी के बाद ग्राहक पहले से लेन-देन करने पहुंच रहे हैं। रविवार को शाखा में करीब 10 से 15 लाख रुपये का लेन-देन हुआ।
बैंकों में जमा-निकासी के साथ चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट और पासबुक अपडेट समेत अन्य कार्य किए गए। बैंक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्तावित हड़ताल का असर शाखाओं में होने वाले कामकाज पर पड़ सकता है। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान सेवाएं जारी रहने की बात कही गई है।