Home > राज्य > मध्यप्रदेश > मप्र उपचुनाव 2020 > मेंहगांव सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका, राजेंद्र सिंह गुर्जर समेत तीन नेता भाजपा में शामिल

मेंहगांव सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका, राजेंद्र सिंह गुर्जर समेत तीन नेता भाजपा में शामिल

ग्वालियर-चम्बल संभाग में गुर्जर मतदाताओं का ध्रुवीकरण होने की संभावना

मेंहगांव सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका, राजेंद्र सिंह गुर्जर समेत तीन नेता भाजपा में शामिल
X

भिंड। प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर उप चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग समाज के प्रदेश अध्यक्ष तथा मध्य प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महासचिव राजेन्द्र सिंह गुर्जर ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को मेंहगांव विधानसभा सीट सहित मुरैना, सुमावली, दिमनी, अम्बाह, जौरा, गोहद तथा ग्वालियर-चम्बल अंचल की अन्य विधानसभा सीटों पर गुर्जर मतों का बड़ा नुक्सान होने की संभावना है। इस अवसर पर पिछले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश कांग्रेस के चुनाव समन्वयक रहे मनीष राजपूत भी मौजूद रहे।

दरअसल, उपचुनाव से पहले प्रदेश में तोड़-फोड़ का सिलसिला तेजी से चल रहा है। आए दिन नेता भाजपा से कांग्रेस और कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो रहे है, हालांकि भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वालों की संख्या कम है, लेकिन कांग्रेस में नेताओं के टूटने का सिलसिला तेजी से चल रहा है। अब उपचुनाव से ठीक 3 हफ्ते पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव और वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह गुर्जर भाजपा में शामिल हो गए है। उन्होंने भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

वही ग्वालियर कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता पंकज शर्मा व किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रमेशचंद्र शर्मा ने दिल्ली पहुंचकर सिंधिया के समक्ष भाजपा का दामन थामा। शिवराज सिंह चौहान में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने सभी नेताओं का स्वागत किया है। सिलावट ने ट्वीट कर लिखा है कि पूरे देश का विश्वास, भाजपा के साथ आज कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव, वरिष्ठ नेता राजेंद्र गुर्जरजी ने भाजपा सांसद सिंधिया के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रवाद की मुख्यधारा में आपका अभिनंदन है राजेन्द्रजी।

कंग्रेस के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव और भिंड जिला इकाई के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ को लिखे इस्तीफा में कहा है कि राज्य के उप-चुनाव में टिकट वितरण में कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग एवं गुर्जर समाज की उपेक्षा की है। इस वर्ग के लोगों में रोष और असंतोष है। इसको देखते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महासचिव तथा जिला कांग्रेस कमेटी भिण्ड के उपाध्यक्ष दोनों पदों से इस्तीफा देता हूं। गुर्जर भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट के बड़े दावेदार थे। उन्हेंने वर्ष 2018 में फूल सिंह बरैया की पार्टी से विधानसभा का चुनाव लड़ा था और 20 हजार से ज्यादा वोट पाए थे। उसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान सिंधिया के समर्थन में कांग्रेस का दामन थामा था और अब वे सिंधिया की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए है।

Updated : 12 Oct 2021 11:22 AM GMT
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top