Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > एक पटे पर विराजमान हैं राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन और माता जानकी

एक पटे पर विराजमान हैं राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन और माता जानकी

मध्य प्रदेश का इकलौता मंदिर है ‘श्री पट्टाभिराम मंदिर’

एक पटे पर विराजमान हैं राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन और माता जानकी
X

ग्वालियर, न.सं.। खासगी बाजार स्थित ‘श्री पट्टाभिराम मंदिर’ मध्यप्रदेश का इकलौता ऐसा मंदिर है जिसमें एक पटे पर भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन सहित नल-नील, जामवंत, हनुमान और सुग्रीव जी एक साथ विराजमान हंै। मंदिर में मूर्ति की स्थापना 1886 में बुधवार के दिन की गई थी। इस मंदिर की सेवा मंदिर के पुजारी चन्द्रकांत मोरघोड़े एवं उनका परिवार कर रहा है।

चन्द्रकांत मोरघोड़े ने बताया कि दादाजी गंगाधर शास्त्री मोरघोड़े को रात्रि में एक स्वप्न आया जिसमें उनसे कहा गया कि शितौले साहब के बाड़े में एक खजाना है जिसमें भगवान श्रीराम की यह मूर्ति रखी हुई है। इस मूर्ति को निकालकर मंदिर में स्थापित कर दिया जाए। इसके बाद गंगाधर शास्त्री मोरघोड़े शितौले साहब से मिले और स्वप्न की बात को बताया। अनुमति मिलने के बाद खजाने की तलाशी ली गई जिसमें भगवान श्रीराम की यह मूर्ति मिली। यह एक ऐसी अद्भुद मूर्ति है जिसमें एक पटे पर दस भगवान विराजमान हैं। यह मंदिर लगभग 135 वर्ष पुराना है। पटे पर विराजित भगवान राम की मूर्ति बोलती हुई प्रतीत होती है। मंदिर मौसम के अनुसार भगवान श्रीराम के हाथ से बने हुए चित्र लगे हुए हैं जिसमें भगवान सर्दियों में गरम कपड़े हुए, होली में रंग उड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यह होंगे कार्यक्रम:-

मंदिर के पुजारी ने बताया कि रामनवमी पर ‘श्री पट्टाभिराम मंदिर’ में गुरुवार को दोपहर 12 बजे भगवान का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सुबह आध्यात्म पाठ का आयोजन किया जाएगा। रात्रि मे भक्ति पुरंदरे केलकर राम जन्म कथा होगी।

आबा महाराज मंदिर में है 325 वर्ष पुरानी ‘दासबोध’ की प्रतिलिपि, आज होगा भगवान राम का जन्म:-

शहर के दाल बाजार में आबा महाराज श्रीराम मंदिर स्थापित है। यह मंदिर 195 वर्ष पुराना है। मंदिर में भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की प्रतिमा विराजमान है जो देखते ही बनती है। मंदिर के महंत उपेन्द्र शिरगांवकर व राघवेन्द्र शिरगांवकर ने संयुक्त रूप से बताया कि मंदिर (मठ) में दत्तात्रय स्वामी द्वारा स्वयं के हस्तलेख से लिखी गई 325 वर्ष पुरानी ‘दासबोध’ की प्रति उपलब्ध है, जिसे देखने के लिए बड़े-बड़े प्रतिनिधिमण्डल यहां आते हैं। यह प्राचीन मठ श्री समर्थ के प्रिय पट्ट शिष्य श्री कल्याण स्वामी के छोटे भाई दत्तात्रय स्वामी की परम्परा का है। वर्तमान में परंपरा की 10वीं पीढ़ी मंदिर में सेवा का कार्य कर रही है। इसका मूल मठ महाराष्ट्र के सतारा जिले में करहाड़ तहसील में स्थित ग्राम शिरगाँव में है। उपेन्द्र शिरगांवकर ने बताया कि गुरुवार को सुबह 10:45 से 12:30 बजे तक राम जन्मोत्सव का पारंपरिक कीर्तन होगा। इससे पहले सुबह भगवान का अभिषेक किया जाएगा। शाम 6:30 से रात्रि 8 बजे तक राजेन्द्र पारिख की भक्ती संगीत सभा होगी। यहां पर रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम के बाल्यरूप को नारीयल में बनाया जाता है जो हकीकत में एक बालक के रूप में दिखाई देता है। इसी बाल्यरूप का जन्म भगवान राम के रूप में कराया जाता है। इस मौके पर बधाई गीत गाए जाएंगे और प्रसाद का वितरण होगा।

जिस नक्षत्र में जन्में राम उसी में आज मनेगी रामनवमी, मंदिरों में होगा भगवान राम का जन्म:-

मर्यादा भगवान पुरूषोत्तम श्रीराम का जन्म उत्सव गुरुवार को रामनवमी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा-भाव के साथ मनाया जाएगा। राम जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सजावट भी की गई है। ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन ने बताया कि भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी पर गुरुवार को पुनर्वसु नक्षत्र में मनाया जाएगा। त्रेता युग में इसी नक्षत्र में भगवान राम का जन्म हुआ था। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि संयोगवश इस बार रामनवमी के दिन सिद्धी, सर्वार्थ सिद्धि, अमृत सिद्धी और गुरुपुष्यामृत योग बन रहे हैं। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि पुनर्वसु नक्षत्र 29 मार्च को रात्रि 08:06 बजे से प्रारंभ होकर 30 मार्च गुरुवार को रात्रि 10:58 बजे तक रहेगा।

यहां मनेगा जन्मोत्सव:-

- श्री सनातन धर्म मंदिर 100 वर्ष से अधिक पुराना मंदिर है। यहां भगवान विष्णु की प्रतिमा विराजमान है जिसे जुगल किशोर बिड़ला द्वारा स्थापित कराई गई थी। मंदिर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सुबह भगवान का अभिषेक, शहनाई वादन, सुंदरकाण्ड पाठ और भगवान चक्रधर का श्रंगार होगा। सायं के समय भजन संध्या आयोजित की जाएगी। तदुपरांत भगवान श्रीराम की महाआरती एवं चरणामृत और पंजीरी का वितरण होगा।

- फालका बाजार श्रीराम मंदिर में राम नवमी के अवसर पर प्रात: 8 बजे अभिषेक पूजा, दोपहर 12 बजे जन्म महोत्सव एवं श्रंगार आरती, सायं 6 बजे फूल बंगला एवं झांकी के दर्शन होंगे। इस दिन मंदिर को आकर्षक विद्युत सजावट से भी सजाया जाएगा। महामंत्री गोविंद प्रसाद बंसल ने बताया कि इस दिन एक क्विंटल सिंघाड़े की पंजरी का वितरण होगा। बैण्ड बाजों के साथ भगवान का जन्मोत्सव मनेगा।

- श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक राम दरबार बना है जिसमे भगवान श्री राम, माता जानकी, लक्ष्मण जी, भरत, शत्रुघन और हनुमान जी विराजमान हैं। मंदिर में दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव कराया जाएगा। इसके साथ ही सिंघाड़े की पंजरी का प्रसाद वितरण होगा और भगवान के जन्मदिन पर टॉफियां लुटाई जाएंगी।

- खासगी बाजार स्थित नगरकर श्रीराम मंदिर में गुरुवार को सुबह 10 बजे महंत सुभाष नगरकर द्वारा श्रीराम जन्म कीर्तन होगा।

-श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जनकगंज में चैत्र नवरात्र का उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को रामनवमी उत्सव मनाया जाएगा जिसमे भगवान श्री राम, लक्ष्मण और माता जानकी की झांकी के दर्शन होंगे तथा दोपहर 12 बजे भगवान श्री राम का जन्म (प्राकट्य) उत्सव मनाया जाएगा।

- श्री गंगादास की शाला में दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन भगवान राम का अभिषेक कर उनका विशेष श्रंगार भी किया जाएगा।

घर-घर हुआ कन्याओं का पूजन, आज भी होगा:-

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी बुधवार को घर-घर कन्याओं का पूजन किया गया और उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए। इसी के साथ मंदिर और घरों में हवन आदि के कार्यक्रम भी संपन्न हुए। इसी क्रम में गुरुवार को नवमी के दिन भी कन्याओं का पूजन करके उन्हें भोजन कराया जाएगा। इस दिन भी हवन और भण्डारे होंगे।

हिन्दु महासभा निकालेगी राम रथ यात्रा:-

हिन्दु महासभा चामुंडा मंदिर समिति के तत्वावधान में 30 मार्च गुरुवार को सायंकाल 4:30 बजे चामुंडा धाम कोटेश्वर परिसर के भगवान श्री राम दरबार मंदिर से श्री राम रथ यात्रा 108 कलशों के साथ निकाली जाएगी। इसी क्रम में बुधवार को सैकड़ों महिलाओं ने भजनों का गायन किया। दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ कन्याओं का पूजन पुजारी विवेक शास्त्री ने सम्पन्न कराया ।

Updated : 30 March 2023 12:31 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top