Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे शिवालय, पांच लाख भक्त पहुंचे श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे शिवालय, पांच लाख भक्त पहुंचे श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर

भक्तों ने डीजे की थाप किया नृत्य, भगवान भोलेनाथ की निकली बारात

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे शिवालय, पांच लाख भक्त पहुंचे श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर
X

ग्वालियर। देवों के देव महादेव और मां पार्वति के विवाह का महाशिवरात्रि पर्व शुक्रवार को शहर में जबरदस्त श्रद्धाभाव और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पूरा शहर शिवमय नजर आया। इस दौरान शहर के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। शिवरात्रि पर हर तरफ भक्त ललाट पर चंदन का लेप लगाए और हाथों में पुष्प व जल लिए नजर आए। लाखों भक्तों ने घण्टों लंबी-लंबी लाइनों में लगकर भगवान शिव के दर्शन किए। शिव मंदिरों पर केवल भक्त ही भक्त नजर आ रहे थे। अयोध्या में भगवान श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा जैसा माहौल शहर के मंदिरों में नजर आया। इस मौके पर शहर में जगह-जगह प्रसाद के स्टॉल लगाकर आलू, फलों, ठण्डाई और खीर आदि का वितरण किया। इस मौके पर गुप्तेश्वर से भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली गई। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के लेखाधिकारी वीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि शिवरात्री के महापर्व पर मंदिर में 4 से 5 लाख लोगों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए हैं। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भक्तों की इस कदर भीड़ थी कि लोगों के चलने के कारण पूरी सडक़ का रंग ही बदल गया। घोड़ा चौके से शिव मंदिर तक लोगों के सर मुंड ही नजर आ रहे थे।

महाशिवरात्रि के पर्व पर शुक्रवार रात 12 बजे के पहले से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। रात 12 बजे से तो भक्तों की संख्या बेतहाशा बढ़ गई। रात 12 बजे से शिव मंदिरों से गुजरने वाले यातायात का मार्ग बदल दिया। महाशिवरात्रि के दिन श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर, कोटेश्वर, भूतेश्वर, मारकंडेश्वर, हजारेश्वर आदि शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। ऐसा लग रहा था कि सभी भक्त भगवान भोलेनाथ की बारात में आए हो। दोपहर के समय गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात निकली, जिसमें शिव के गण भूत-पिशाच के वेश में भक्तगण शामिल हुए। शिव बारात का जगह-जगह स्वागत हुआ, जब शिव बारात श्री अचलेश्वर मंदिर पहुंची तो श्री अचलेश्वर महादेव और गुप्तेश्वर महादेव का मिलन हुआ। वहीं कांवडिय़ों ने ‘ऊँ नम: शिवाय’ के जाप के साथ भगवान को कांवर भी चढ़ाई। वहीं जगह-जगह डीजे की थाप पर शिव भक्तों ने खूब नृत्य किया। कुल मिलाकर संपूर्ण शहर शिवमय नजर आया।

फल, खीर और आलू का हुआ वितरण:-

महाशिवरात्रि के अवसर पर गली-मौहल्लों, शहर की सडक़ों पर प्रसाद के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों से फल, खीर, आलू, चिप्स, बेर, आइसक्रीम, साबूदाने से बनी खिचड़ी एवं शीतल पेय पदार्थों का वितरण किया गया। भक्त भी प्रसाद पाकर बेहद खुश नजर आए और अपने घर भी ले गए। शहर की सडक़ों पर निकलने वाले लोगों को रोक-रोककर प्रसाद बांटा गया।

दूध, दही, पुष्प और बेलपत्र की हुई जमकर बिक्री:-

भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने महशिवरात्रि के दिन भगवान को दूध, दही, पुष्प और बेलपत्र अर्पित किए। इस दौरान इन वस्तुओं की जमकर बिक्री हुई। वहीं दूध डेयरी संचालकों ने अभिषेक के लिए छोटे-छोटे दूध के पैकेटों की भी व्यवस्था की थी।

भक्तों ने लगवाया चंदन:-

भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए सुबह से भक्तों का शिवालय पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने मंदिर पहुंचते ही वहां बैठे लोगों से अपने-अपने ललाट पर चंदन लगवाया। चंदन लगवाने में युवक और अधिक शामिल हुए। इस दौरान खूब सेल्फी भी ली गई। इस दौरान भक्तों ने ठण्डाई आदि का भी खूब आनंद लिया और डीजे पर नृत्य भी किया।

ब्रह्माकुमारीज के सभी सेवाकेन्द्रों पर धूमधाम से मना 88वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव:-

ब्रह्माकुमारीज के सभी सेवा केन्द्रों पर 88वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बीके प्रहलाद ने कहा कि महाशिवरात्रि का महापर्व कई आध्यात्मिक रहस्यों को समेटे हुए हैं। यह पर्व सभी पर्वों में महान और श्रेष्ठ है, क्योंकि शिवरात्रि परमात्मा के दिव्य अवतरण का यादगार महापर्व है। परमात्मा ने श्रीमद् भागवत गीता में कहा है ‘यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम् ॥ परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम। धर्म संस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे॥’ गीता के इस श्लोक में किए अपने वादे के अनुसार- परमात्मा कहते हैं कि जब-जब इस सृष्टि पर धर्म की अति ग्लानि हो जाती है, अधर्म और पाप कर्म बढ़ जाते हैं, तब मैं भारत सहित पूरी सृष्टि का उत्थान करने और नई दुनिया का सृजन करने साकार रूप में लोगों के सम्मुख प्रकट होता हूं। डॉ. गुरचरन भाई ने कहा कि भारत में 12 ज्योतिर्र्लिंग प्रसिद्ध हैं और गली-गली में शिवालय बने हुए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि परमपिता परमात्मा शिव कभी इस सृष्टि पर आएं हैं और विश्व कल्याण का कार्य किया है, तभी तो हम उन्हें याद करते हैं।

कार्यक्रम में बीके लक्ष्मी, सुरभि, रोशनी, विजेंद्र, गजेन्द्र अरोरा, संतोष बंसल, संतोष गुप्ता, कविता पमनानी आदि उपस्थित रहे।

जलाल खां की गोठ में मना शिवोत्सव:-

हिन्दू महासभा जिला ग्वालियर के तत्वावधान में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व महानगर के अनेकों क्षेत्रों सहित जलाल खां की गोठ में शिवोत्सव के रूप में मनाया गया। इस मौके पर ऊँ नम: शिवाय का 108 बार जाप उच्चारण के बाद महाआरती की एवं प्रसादी वितरण किया। इस अवसर पर महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी, पवन गुप्ता, किशोर माहौर आदि उपस्थित थे।

झलकियां:-

- मारकंडेश्वर महादेव मंदिर पर भगवान भोलेनाथ का सन्यासी के रूप में किया श्रृंगार।

- कोटेश्वर महादेव मंदिर पर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया।

- शिव मंदिर पर पहुंचे कांवडिए।

- शहर के छोटे-छोटे शिव मंदिरों पर भी रही भक्तों की भीड़। लाइनों में लगकर चढ़ाया जल।

- घरों में भी हुए भगवान भोलेनाथ के अभिषेक।

- मंदिरों के आसपास जाम की स्थिति बनती रही।

- शहर में जगह-जगह डेक लगाकर भक्तों ने खूब नृत्य किया।

- प्रसाद, फूल, फलाहार का सामन की दुकानों पर रही भक्तों की भीड़।

Updated : 9 March 2024 1:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top