Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > दिव्यांगों के कल्याण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित होगा दिव्यांग खेल परिसर: तोमर

दिव्यांगों के कल्याण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित होगा दिव्यांग खेल परिसर: तोमर

देश का पहला दिव्यांग अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान का शुभारंभ

दिव्यांगों के कल्याण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित होगा दिव्यांग खेल परिसर: तोमर
X

ग्वालियर, न.सं.। देश का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का दिव्यांग खेल परिसर (दिव्यांग खेल परिसर एवं रिसोर्स सेंटर) ग्वालियर में बनने जा रहा है। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत ने वर्चुअल लिंक के माध्यम से तथा केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित राज्य सरकार के मंत्रिगणों ने मौके पर मौजूद रहकर दिव्यांग खेल परिसर एवं रिसोर्स सेंटर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिव्यांगजन खेल परिसर एवं रिसोर्स सेंटर का निर्माण दिव्यांगों के कल्याण के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।

ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) के सामने लगभग 14 हैक्टेयर जमीन पर दिव्यांग खेल परिसर एवं रिसोर्स सेंटर का निर्माण हो रहा है। इस परिसर के निर्माण के लिए भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 170 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर में बनने जा रहे दिव्यांग खेल परिसर में न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इस संस्थान के माध्यम से ग्वालियर-चंबल अंचल के दिव्यांग युवाओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने ग्वालियर में यह संस्थान स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री श्री थावरचंद गेहलोत के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर भी बतौर विशेष अतिथि मौजूद थे। शिलान्यास कार्यक्रम में चयनित दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण का वितरण भी किया गया।

आरओबी शुरू हो जाने से विकास के खुलेंगे नए द्वार



बहुप्रतीक्षित मलगढ़ा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) आज जनता को समर्पित किया गया। केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को इस रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण किया। लगभग 737 मीटर लंबे इस आरओबी का निर्माण 15 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से किया गया है। इस आरओबी का निर्माण मल्लगढ़ा से शताब्दीपुरम की ओर किया गया है। ग्वालियर सांसद रहते हुए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में पांच रेलवे ओवरब्रिज स्वीकृत कराए थे। इनमें से दो शुरू हो गए। श्री तोमर कहा मल्लगढ़ा से शताब्दीपुरम पहुंचने का रास्ता आसान हो गया है। इस पुल के शुरू हो जाने से विकास के नए द्वार खुलेंगे। इस ओवरब्रिज से शताब्दीपुरम, दीनदयालनगर, कुंजविहार, आदित्यपुरम सहित भिण्ड रोड़ के समीप स्थित विभिन्न बस्तियों के निवासियों को आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह और सांसद विवेक नारायण शेजवलकर भी बतौर विशेष अतिथि मौजूद रहे।

Updated : 13 April 2024 12:58 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top