Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का शहर एवं ग्रामीण में खेत धरना

कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का शहर एवं ग्रामीण में खेत धरना

केंद्र ने दी पर्याप्त यूरिया, प्रदेश सरकार करवा रही कालाबाजारी: शेजवलकर

कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का शहर एवं ग्रामीण में खेत धरना
X

प्रदेश का किसान खाद के लिए डंडे खा रहा है, सरकार मना रही है पिकनिक: माया सिंह

ग्वालियर, न.सं.। मध्यप्रदेश की पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में सत्ता में आए हुए एक साल हो चुके हैं, लेकिन सालभर में कांग्रेस ने एक भी ऐसा काम नहीं किया, जो उनके घोषणा पत्र में था। बड़े-बड़े वायदे करके व झूठ के सहारे कांग्रेस प्रदेश की सत्ता पर काबिज हुई। अब सरकार सब वायदे भूल गई है। पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है। मंत्री-विधायक लूट-खसोट में लगे हैं। तबादला व अवैध खनन उद्योग शुरू हो गया है। यूरिया के लिए किसानों को लाठियां खानी पड़ रही है। प्रदेश सरकार को किसानों का दर्द समझने की बजाय दिल्ली में प्रदर्शन के बहाने पिकनिक मना रही है। किसानों के साथ अन्याय बिलकुल भी बर्दास्त नहीं होगा। जनता की आवाज पार्टी उठाएगी। श्रीमती सिंह लक्ष्मीगंज गल्लामंडी में किसानों की बदहाली, कर्जमाफी, अतिवृष्टि मुआवजा, यूरिया खाद की कमी को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आयोजित प्रदेशव्यापी खेत धरना को संबोधित कर रहीं थी।

कांग्रेस सरकार पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को पर्याप्त मात्रा में यूरिया दिया है और यह यूरिया प्रदेश सरकार के पास है। इसके बावजूद यह नकारा सरकार अपने कुप्रबंधन के चलते किसानों को यूरिया उपलब्ध नहीं करा पा रही है। प्रदेश के किसानों पर कमलनाथ सरकार द्वारा किए जा रहे इस अत्याचार को पार्टी सहन नहीं करेगी और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कांग्रेस ने भाजपा की जनहितैषी नीतियों का विरोध करने का जो चश्मा पहन रखा है, उसे उतारकर इन्सानियत का चश्मा पहने और प्रदेश की जनता की सेवा करें। जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मध्यप्रदेश को भरपूर मात्रा में यूरिया, खाद देने के बाद भी मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार किसानों को नहीं दे रही है ऐसा क्यूं? भरपूर मात्रा में यूरिया है, खाद है पर किसानों को नहीं मिल रहा, अगर मिल भी रहा है तो अधिक दामों में मिल रहा है। किसानों की कमर तोडऩे का काम कमलनाथ सरकार कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा आंदोलन के माध्यम से गूंगी बहरी कमलनाथ सरकार को जगाने का काम कर रही है। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार यदि कोई काम कर रही है तो केवल ठेले वालों की गुमटी हटाने का काम कर रही है, डॉक्टर के अस्पताल को तोडऩे का काम कर रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ध्यानेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष अशोक जादौन, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष भरत दांतरे, कमल माखीजानी, शरद गौतम, जयप्रकाश राजौरिया, सभापति राकेश माहौर, दीपक शर्मा, विनोद शर्मा, नूतन श्रीवास्तव, प्रमोद खंडेलवाल, गंगाराम बघेल, विवेक प्रताप सिंह चौहान आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ग्रामीण क्षेत्र के छीमक एवं डबरा ग्रामीण मंडल में आयोजित खेत धरने को संबोधित करते हुए सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि आप सब लोग जानते हैं कि जब मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी तब किसानों के हित के अनेक फैसले लिए गए और किसानों को उसका लाभ मिला और शिवराज सरकार में किसान बहुत खुशहाल हुए, इसी कारण मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार के समय कृषि दर रिकॉर्ड तोड़ रही थी। आज वही किसान परेशान है और मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार उनकी सुध नहीं ले रही। केंद्र सरकार ने पर्याप्त मात्रा में प्रदेश को यूरिया दी। लेकिन सरकार किसानों तक यूरिया नहीं पहुंचा पा रही। सरकार अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही है। जनता को गुमराह करने के लिए एवं अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए कमलनाथ सरकार केंद्र सरकार पर आरोप लगाने का काम कर रही है। इस दौरान ग्रामीण जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र जैन, कौशल शर्मा, आरती मौर्य, केशव बघेल, प्रीतम सिंह, बज्जर सिंह, अमरदीप औलख आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Updated : 15 Dec 2019 12:45 AM GMT
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top