Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > जो 70 साल में न कर सके वह एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे: शाह

जो 70 साल में न कर सके वह एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे: शाह

जो 70 साल में न कर सके वह एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे: शाह
X

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया देशव्यापी विजय संकल्प बाइक रैली का शुभारंभ

विशेष संवाददाता भोपाल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उमरिया से मध्य प्रदेश में देशव्यापी विजय संकल्प बाइक रैली का शुभारंभ किया। उमरिया से मानपुर, बांधवगढ और बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की बाइक रैलियों को रवाना किया गया। एक घंटा देरी से उमरिया पहुंचे अमित शाह ने यंहा शहडोल लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया। इस दौरान शाह ने एयर स्ट्राइक पर राजनीति करने वाले नेताओं पर निशाना साधा। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, महासचिव अनिल जैन, लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्रदेवसिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद ज्ञान सिंह आदि उपस्थित थे।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं। उन्हें ऐसा कहते हुए शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि,1990 से देश आतंकवाद से पीडि़त है। आज राहुल बाबा और कंपनी इसका राजनीतिकरण कर रही है। मुंबई अटैक हुआ, सोनिया जी की सरकार थी। कभी आपने हमला किया। देश के जवानों के खून का बदला लेने की हिम्मत नहीं थी। शाह ने कहा ये नरेंद्र मोदी जी हैं, जिन्होंने देश की इच्छा को पूर्ण किया। आप सवाल उठा रहे हैं कि एयर स्ट्राइक हुई है या नहीं। पाकिस्तान ने मान लिया, आतंकी संगठनों ने मान लिया। लेकिन ममता जी और राहुल गांधी सबूत मांग रहे हैं।

शाह ने कहा कि पिछले पांच साल में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए सबसे ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। उरी पर हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक देकर संदेश दे दिया कि देश पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में जब देश का हर नागरिक एक साथ खड़ा है। तब कांग्रेस और उसके गठबंधन के नेता एयर स्ट्राइक पर सबूत मांग रहे हैं। ये लोग हमारे उपर राष्ट्र के सुरक्षा मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं, इन्हें शर्म आनी चाहिए। शाह ने कहा कि हमारे नेता मोदी जी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। 1990 से लेकर आज तक का रिकॉर्ड देख लें, हमारी सरकार के दौरान पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। जब भी देश पर हमला हुआ, जनता पर हमला हुआ, हमने गोली का जवाब गोले से दिया है। पहले उड़ी में हमला हुआ, हमने सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए आतंकवादियों को संदेश दे दिया कि भारत के जवानों का खून व्यर्थ में नहीं बहाया जा सकता। फिर उनको लगा कि चुनाव नजदीक हैं, ये क्या कर लेंगे, लेकिन हमारे लिए देश की सुरक्षा प्राथमिकता है, चुनाव नहीं। आतंकियों ने पुलवामा में हमला किया, हमारे एयरफोर्स के जवान पाकिस्तान में घुसकर सैकड़ों आतंकियों का खात्मा करके वापस आ गए।

शाह ने कहा कि पिछले 70 साल तक आपने पूर्व सैनिकों को वन रेंक वन पेंशन नहीं दी, हमारी सरकार ने इस मांग को पूरा किया और 8000 करोड़ रुपए जवानों के खाते में जमा कराए। देश के हजारों जवान शहीद हो गए, लेकिन आप उनके लिए एक स्मारक नहीं बना पाए। मोदी सरकार आई, उसने पहले साल में ही दिल्ली में शहीद जवानों के लिए स्मारक की शुरुआत की। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री ने उसे देश को समर्पित किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि अलगाववादियों को हमने ये सिखाया है कि अगर देश में रहना है, तो पाकिस्तान की भाषा नहीं बोल सकते हैं। अब उन्हें ठंड में पसीना छूट रहा है। देश के बाहर से उनकी मदद के लिए जो पैसा आता था, भाजपा सरकार ने उसे बंद किया। हमारी सरकार के कूटनीतिक प्रयासों से आज पाकिस्तान पूरी दुनिया में अलग-थलग पड़ा है, कोई साथ देने को तैयार नहीं। ये कूटनीतिक विजय भी मोदी सरकार ने हासिल की। श्री शाह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को ये सभी मुद्दे जनता के बीच ले जाने, भाजपा को जिताने एवं पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने वाले मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प भी दिलाया।

कांग्रेस के कुतर्कों का जवाब नहीं: तोमर

भारतीय जनता युवा मोर्चा की महाबाइक रैली का भोपाल के अन्ना नगर में शुभारंभ करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं बचे इसलिए वह एयर स्ट्राइक पर भी सवाल उठा रहा है, वे कुतर्क करते है तर्क का उत्तर दिया जा सकता है, लेकिन कुतर्क का जवाब नहीं दिया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने वादा किया था कि दस दिन में कर्ज माफ हो जाएगा, नहीं तो वे मुख्यमंत्री को हटा देंगे, प्रदेश में कर्ज माफी पूरी नहीं हुई इसलिए अब कमलनाथ को मुख्यमंत्री के पद से हटाया जाना चाहिए। रैली में मंत्री तोमर विधायक विश्वास सारंग के साथ बाइक पर नजर आए।

बाइक रैली से साधेंगे संपर्क


प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा आज हर जिले में बाइक रैली आयोजित कर रही है। यह कार्यक्रम देश भर में मंडल, जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इसमें एक करोड़ से अधिक भाजपा कार्यकर्ता बाइक रैली निकालकर लोगों से सीधा संपर्क करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार की उपलब्धियों को उन तक पहुंचाएंगे। कुल 4120 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 3500 से अधिक जगहों पर यह रैलियां निकाली जाएंगी। उमरिया में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने उमरिया एयरस्ट्रीप पर शाह की अगवानी की। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सांसद राकेश सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों ने भी किया स्वागत।

Updated : 2 March 2019 5:22 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top