चम्बल की धरती पर गरजे शिवराज, प्रधानमंत्री नेतृत्व में हो रहा नए भारत का उदय
राजनीतिक संवाददाता ♦ भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हुआ है। नया भारत वैभवशाली और समृद्धिशाली है, जो आतंकवाद को पूरी दुनिया में चुनौती देने को तैयार है। आतंकवाद को खत्म ही नहीं करना है, बल्कि उसकी कब्र खोद देंगे। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सिरमौर बनेगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मुरैना-श्योपुर लोकसभा क्षेत्र के पालक संयोजक व बूथ समिति सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कही कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष केदार सिंह यादव ने की। कार्यक्रम में सांसद श्री अनूप मिश्रा, संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ, श्योपुर जिला अध्यक्ष गोपाल आचार्य, लोकसभा प्रभारी जयसिंह कुशवाह, लोकसभा संयोजक शिवमंगलसिंह तोमर, अशोक अर्गल विजयपुर विधायक, सीताराम आदिवासी जिला पंचायत अध्यक्ष, श्रीमती गीता हरसाना मंचासीन थे।
मुरैना के शूरवीर कर रहे सीमाओं की रक्षा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि सीमा पर संघर्ष का शंख बज चुका है। युद्ध के नगाड़े बज रहे हैं। आतंकवाद और उसके सरपरस्तों से संघर्ष जारी है। देश की सेना ने पुलवामा में शहीद हुए 40 जवानों का बदला ले लिया है। हमारी वायुसेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों का खात्मा कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात शूरवीर सैनिक मुरैना के हैं। श्री चौहान ने कहा कि हमारा देश अब वो भारत नहीं है, जिसे कोई छोटा मोटा देश आँखें दिखाए। श्री चौहान ने कहा कि कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव की हार को भूल कर लोकसभा चुनाव की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में वोट हमें ज्यादा मिले और सीटें कांग्रेस को ज्यादा मिली। पूर्ण बहुमत उन्हें भी नहीं मिला, लेकिन उन्होंने प्रदेश में लंगड़ी सरकार का गठन किया है। हमने विपक्ष में बैठना स्वीकार किया क्योंकि हम जब भी सरकार बनाएंगे पूर्ण बहुमत से बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को छोड़ें और अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग जाएं, जो सामने है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ता पूरे दमखम से काम करें, क्योंकि हमारे लिए देश का सम्मान और स्वाभिमान सर्वोपरि है। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की विचारधारा से काम करने वाला राजनीतिक संगठन है। हमारे लिए देश सर्वोपरि है और सत्ता सेवा का माध्यम भर है।
प्रदेश में अराजकता का माहौल
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज प्रदेश में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। चित्रकूट में मासूम बच्चों श्रेयांश और प्रियांश की हत्या कर दी गई। रीवा में गोलियां चलीं। टोल टैक्स पर सरे आम गोलियां चलाई जाती है, लेकिन सरकार सो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। अपराधियों को खुलेआम संरक्षण दिया जा रहा है। अपराध बढऩे का कारण यह है कि पुलिस को बेदम कर दिया गया है। रोज तबादले हो रहे हैं और प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग फल-फूल रहा है। अफसरों को पता नहीं रहता और सुबह भोपाल में, दोपहर को मंदसौर में और शाम को इंदौर में ट्रांसफर हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता का माहौल है। मुख्यमंत्री कौन है, यह पता ही नहीं चलता। सरकार सामने दिख रहे मुख्यमंत्री चला रहे हैं या पीछे से ग्वालियर वाले सीएम चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय नाथ सिंधिया हैं। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में किसानों को कर्ज माफी का सपना दिखाया और अब काले, नीले, गुलाबी फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने वादा किया है तो कर्ज तो माफ करना पड़ेगा। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है, तो हमें सडक़ों पर उतरना पड़ेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह पूर्व मंत्री मुंशीलाल पूर्व विधायक गजराज सिंह सिकरवार संध्या राय सूबेदार राजोदा परसराम मुद्गल सत्यपाल सिंह सिकरवार दुर्गा लाल विजय पूर्व जिला अध्यक्ष प्यारे सिंह तोमर नागेंद्र तिवारी अनूप सिंह अजब सिंह कुशवाह गब्बर सकवा सरला रावत लोक सभा विस्तारक तूफान सिंह मीणा सभापति अनिल गोयल जिला उपाध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता उदयवीर सिकरवार राम नरेश शर्मा सहित मुरैना श्योपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित थे।