Home > Lead Story > राष्ट्रपति चुनावः कांग्रेस-सपा-NCP के विधायकों ने द्रोपदी मुर्मू को दिया वोट, संसद में 99.21 प्रतिशत रहा मतदान

राष्ट्रपति चुनावः कांग्रेस-सपा-NCP के विधायकों ने द्रोपदी मुर्मू को दिया वोट, संसद में 99.21 प्रतिशत रहा मतदान

राष्ट्रपति चुनावः कांग्रेस-सपा-NCP के विधायकों ने द्रोपदी मुर्मू को दिया वोट, संसद में 99.21 प्रतिशत रहा मतदान
X

नईदिल्ली/भोपाल। राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है। चुनाव में देश के कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर सामने आ रही है। गुजरात में NCP के विधायक कांधल जडेजा, यूपी में सपा विधायक शिवपाल यादव और शहजिल इस्लाम और ओडिशा में कांग्रेस विधायक मुकीम ने क्रॉस वोटिंग कर सभी ने NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

वहीं मध्य प्रदेश में विधानसभा में सुबह 10 बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। यहां दोपहर एक बजे तक 196 विधायक मतदान कर चुके थे। इनमें भाजपा के सभी 127 विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए जारी मतदान प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने मतदान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मतदान करने के बाद ट्वीट करते हुए कहा कि आज ऐतिहासिक दिवस है। मैंने राष्ट्रपति पद के निर्वाचन के लिए आज विधानसभा परिसर में मतदान किया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण भारत में उत्साह है कि पहली बार एक जनजाति बेटी, भारत की बेटी राष्ट्रपति बनेंगी। आज मध्यप्रदेश में हमारे साथी आनंदपूर्वक, उत्साह के साथ राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग कर रहे हैं। आनंद इस बात का है कि पहली बार भारत की एक जनजातीय बेटी देश की राष्ट्रपति बनेंगी। उनको लेकर केवल मतदाताओं में ही नहीं, आमजन में भी जबरदस्त उत्साह है।

उन्होंने कहा कि अलग भाषा अलग देश, फिर भी अपना देश एक। जनजातीय समाज से आने वाली हमारी एक बहन अब देश की राष्ट्रपति बनेंगी। मैं यही अपील करूंगा कि दलगत सीमाओं से भी ऊपर उठ कर हम अंतरात्मा की आवाज पर वोट दें और बहन द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाने में अपना योगदान दें।

संसद में 99.21 प्रतिशत हुआ मतदान

देश के 16वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए सोमवार को संसद और राज्यों की विधानसभाओं में मतदान हुआ। इसी क्रम में संसद में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक करीब 99.21 प्रतिशत मतदान हुआ। राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन में हुए मतदान के बाद राज्यसभा सचिवालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 16वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे बंद हुआ। संसद परिसर में मतदान के लिए लोकसभा और राज्यसभा के 727 सदस्यों के अलावा 9 विधानसभा सदस्यों को भी अनुमति दी गई थी। इनकी कुल संख्या 736 थी और इनमें से 728 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

विधानसभा सदस्यों का मत मूल्य राज्यवार इस प्रकार है -

वहीं चुनाव आयोग के अनुसार प्रत्येक विधानसभा सदस्य के मत का मूल्य इस प्रकार है। आंध्र प्रदेश 159, अरुणाचल प्रदेश 8, असम 116, बिहार 173, छत्तीसगढ़ 129, गोवा 20, गुजरात 147, हरियाणा 112, हिमाचल प्रदेश 51, झारखंड 176, कर्नाटक 131, मध्य प्रदेश 131, केरल 152, महाराष्ट्र 175, मणिपुर 18, मेघालय 17, मिजोरम 8, नागालैंड 9, ओडिशा 149, पंजाब 116, राजस्थान 129, सिक्किम 7, तमिलनाडु 176, तेलंगाना 132, त्रिपुरा 26 उत्तराखंड 64, उत्तर प्रदेश 208, पश्चिम बंगाल 151, दिल्ली पुडुचेरी 16।

शत-प्रतिशत मतदान

सोमवार को संसद और राज्य विधानसभाओं सहित कुल 31 स्थानों पर मतदान हुआ। संसद के दोनों सदनों समेत देश के विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित 4796 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। मतदान का प्रतिशत 99.12 रहा। 11 राज्यों छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, पुडुचेरी, सिक्किम, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेशों में शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

21 जुलाई को आएंगे नतीजे

विभिन्न राज्यों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी आज शाम से ही सड़क और वायुमार्ग के माध्यम से सीलबंद मतपेटियों के साथ दिल्ली पहुंचना शुरू कर देंगे। मतपेटियों को लाने के लिए हवाई अड्डे से संसद भवन तक सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 21 जुलाई को होगी और उसी दिन नतीजे आयेंगे।

Updated : 13 April 2024 12:57 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top