Home > देश > महामिलावट वालों को पाकिस्तान की हरकतें पसंद : प्रधानमंत्री

महामिलावट वालों को पाकिस्तान की हरकतें पसंद : प्रधानमंत्री

महामिलावट वालों को पाकिस्तान की हरकतें पसंद : प्रधानमंत्री
X

कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हरियाणा में हैं। वे एक के बाद एक जनसभा को संबोधित कर विपक्षियों पर निशाना साधने के साथ वोटर्स को सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं। यहां की सभी 10 सीटों पर छठे चरण में 12 मई को चुनाव होने हैं। मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद् भगवद् गीता में भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि व्यक्ति को अपना कर्म करते रहना चाहिए, कुछ न करने से कुछ करते रहना श्रेष्ठ होता है। यही प्रयास आपके इस सेवक का रहा है।

मैं अपने जीवन को देशवासियों के लिए समर्पित कर देश को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा हूं। आपके एक वोट ने देश के लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है। 12 मई को कमल के फूल पर दिया आपका वोट वैभवशाली भारत के निर्माण का रास्ता मजबूत करेगा। रामायण और महाभारत को दिन-रात गाली देने वालों के समर्थक, आज भी इन महामिलावटियों के बीच में हैं।

भगवान का नाम लेने पर जेल भेजने वाले लोगों के साथ एक मंच पर हाथ पकडक़र ये नाचते हैं। महामिलावट वालों को पाकिस्तान की हरकतें पसंद हैं, लेकिन देश का गौरव स्थापित करने वालों को ये दिन-रात गाली देते हैं। पाकिस्तान से इन्हें इतना लगाव है कि भारत की सफलता का श्रेय भी ये पाकिस्तान को देते हैं। बालाकोट के बाद हमारे एक वीर सपूत को पाकिस्तान ने कब्जे में ले लिया था। 48 घंटे के भीतर पाकिस्तान को उसे छोडऩा पड़ा था। तब कांग्रेस और उसके दरबारियों ने पाकिस्तान प्रधानमंत्री की तारीफ में कसीदे पढऩा शुरु कर दिए। उनके लिए नोबेल पुरस्कार तक की मांग कर दी। कांग्रेस सिर्फ एक ही परिवार की चिंता में डूबी रहती है। इसलिए भारत के हितों की रक्षा करने में कभी गंभीरता नहीं दिखाई गई।

देश आजाद होने से लेकर अब तक हिंदुस्तान के किसानों के हक का पानी पाकिस्तान जा रहा है। लेकिन दशकों तक कांग्रेस के लोग इस पर एक शब्द नहीं बोले। ये चौकीदार भारत के हक का एक-एक बूंद पानी देश के किसान तक पहुंचाने के लिए संकल्प करके बैठा है। इन्होंने भारत की संस्कृति को बदनाम करने का अभियान छेड़ा हुआ था। पानीपत के पास समझौता एक्सप्रेस में ब्लास्ट हुआ था, तो कांग्रेस ने हिन्दू आतंकवाद का झूठ गढऩे के लिए निर्दोष लोगों को सालों तक जेल में रखा। लेकिन कांग्रेस के इस षड्यंत्र का पर्दाफाश हो गया। मैं कांग्रेस और उसके साथियों को मनमानी नहीं करने देता हूं, उनके भ्रष्टाचार को रोकता हूं, उनके वंशवाद की बात करता हूं, इसलिए ये लोग बार-बार प्रेम का नकाब पहनकर मुझे गालियां देते रहते हैं।

Updated : 8 May 2019 3:23 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top