Home > Lead Story > मुंबई : हिंदमाता सिनेमा के समीप क्रिस्टल टॉवर आवासीय अपार्टमेंट में आग, 4 मरे, 16 घायल

मुंबई : हिंदमाता सिनेमा के समीप क्रिस्टल टॉवर आवासीय अपार्टमेंट में आग, 4 मरे, 16 घायल

मुंबई : हिंदमाता सिनेमा के समीप क्रिस्टल टॉवर आवासीय अपार्टमेंट में आग, 4 मरे, 16 घायल
X

मुंबई। परेल इलाके में हिंदमाता इलाके में बुधवार को सुबह क्रिस्टल टॉवर में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई है| इस घटना में 16 लोग घायल हुए हैं। इसकी जानकारी आग बुझ जाने के बाद कुलिंग करते समय फायर ब्रिगेड के जवानों को हुई, जिससे यहां सनसनी फैल गई। घटनास्थल से घायलों को निकालकर तत्काल केईएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है। महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर ने इस घटना की जांच किए जाने का आदेश दिया है।

बुधवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे क्रिस्टल टावर के 12वीं मंजिल पर आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और एक घंटे में हाई तकनीक की सहायता से आग पर काबू पा लिया। आग 12वीं व 13वीं मंजिल तक पहुंच गई थी। शुरुआत में यही लग रहा था कि यहां धुएं की वजह से लोगों का दम घुट रहा था, लेकिन कोई जख्मी नहीं हुआ है। लेकिन जब फायर ब्रिगेड ने यहां कुलिंग ऑपरेशन शुरु किया गया तो तकरीबन 20 लोगों की हालत गंभीर पाई गई। इन सभी को तत्काल केईएम अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें से 2 की तो घटनास्थल पर मौत हो गई थी, जबकि 2 लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में एक वृद्ध महिला भी है। मृतकों में बबलू शेख व शुभदा शेलके की पहचान हो गई है, जबकि अन्य दो मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। 16 घायलों में भी 6 महिला व 10 पुरुष शामिल हैं। इस टॉवर में तकरीबन 40 परिवार रहते हैं। यहां अचानक आग लग जाने के बाद इमारत में आगरोधक यंत्रों का कोई इंतजाम न किए जाने से यहां लोगों को दम घुटने लगा था। फायर ब्रिगेड के जवानों ने हाई तकनीक के सहयोग से 70 लोगों को बाहर निकाला था। आग लगने के दौरान यहां लिफ्ट सेवा बंद कर दी गई थी, जिससे लोग सीढ़ियों से ही नीचे उतरने का प्रयास कर रहे थे। महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर ने बताया कि यहां फायर ब्रिगेड दल के जवानों ने बहुत ही अच्छा काम किया है। स्थानीय नगरसेवक व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी लोगों की मदद कर रहे हैं। इस घटना की सघन जांच की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।




Updated : 22 Aug 2018 12:32 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top