Home > Lead Story > गुजरात तट से टकराया ताऊ ते तूफान, 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाएं

गुजरात तट से टकराया ताऊ ते तूफान, 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाएं

  • कर्नाटक में 6 लोगों की मौत

गुजरात तट से टकराया ताऊ ते तूफान, 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाएं
X

अहमदाबाद। अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान आज रात गुजरात के तट से टकराया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के चार जिलों में अगले 2 घंटों तक तेज बारिश होगी। इस दौरान वेरावल, सोमनाथ, ऊना, कोडिनार में 80 से 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। मुख्यमंत्री विजय रुपानी तूफान की तजा जानकारी लेने के लिए गांधीनगर के स्टेट कंट्रोल रूम पहुंचे। वह जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तटीय इलाकों की लगातार समीक्षा कर रहें है।

तूफान ताऊ ते दीव से 10 किलोमीटर दूर तट से टकराया है। यहां 3-3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं। दमन दीव के शहरी क्षेत्र में समुद्र का पानी भरने लगा है। तटीय क्षेत्रों में स्थित गांवों में भी समुद्र का पानी भरने लगा है। हालांकि, प्रशासन ने सभी गांव खाली करा लिए हैं।मौसम वैज्ञानियों के अनुसार तूफान अगले कुछ घंटों में सौराष्ट्र पहुंचेगा। इस क्षेत्र में भारी बारिश होने की आशंका होने का अनुमान है। सौराष्ट्र के 5 जिलों भावनगर, अमरेली, गिर-सोमनाथ, जूनागढ़ और पोरबंदर से टकराएगा। इन जिलों में 10 इंच तक बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा राज्य के 21 जिलों में तेज बारिश शुरू हो गई है। गुजरात के तटीय इलाकों से 1.5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

NDRF की टीम तैनात -

गुजरात सरकार की ओर से तूफान से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं।एऩडीआरएफ की टीमों ने निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। ताउते के कारण तटीय इलाकों के आसपास सोमवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।

मुंबई में मचाई तबाही -

मालाड के मढ़ इलाके में समुद्र में नौका डूब गई। यहां एक मछुआरे की मौत हो गई है और 4 मछुआरे लापता हो गए हैं। इसी बीच बॉम्बे हाई ऑयल फील्ड के पास एक छोटे जहाज पर कुल 273 लोग फंसे हुए थे, जबकि एक दूसरे जहाज पर 137 लोग फंसे हुए थे। इन लोगों को बचाने का प्रयास जारी है। तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी है।

समुद्र में फंसी कई भारतीय नावें, दो की मौत

ताउते तूफान की वजह से समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के बीच कई भारतीय नावें फंस रही हैं। भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना संयुक्त ऑपरेशन चलाकर चालक दल के सदस्यों को बचाने में लगे हैं। इसी तरह के एक संयुक्त ऑपरेशन में सोमवार सुबह कर्नाटक के मैंगलोर और उडुपी के पास समुद्री लहरों में फंसी भारतीय टगबोट 'कोरोमंडल सपोर्टर' को चालक दल के सभी नौ सदस्यों को बचाया गया है। एक अन्य घटना में मैंगलोर तट पर पोत गिरने के बाद लापता हुए तीन व्यक्तियों का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है। जहाज पर आठ लोग सवार थे, जिनमें से दो मृत पाए गए और तीन तैरकर सुरक्षित निकल गए। नौसेना प्रवक्ता विवेक मधवाल के अनुसार अरब सागर में तूफान ताउते के चलते भारतीय भारतीय टगबोट 'कोरोमंडल सपोर्टर IX ऊंची-ऊंची समुद्री लहरों के बीच फंस गई। राहत एवं बचाव का अलर्ट मिलने पर तत्काल भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन शुरू किया।

कर्नाटक में अब तक छह की मौत

कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक आज सुबह तक 121 से अधिक गांव तूफान से प्रभावित हैं। अब तक 547 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक 300 से अधिक घरों, 644 खंभों, 147 ट्रांसफर्मरों, 57 किमी सड़कों और 100 से अधिक नावों को क्षति पहुंची है। मौसम विभाग ने बेलगावी, दक्षिण कन्नड़, धारवाड़, चामराजनगर, कोडागु, चिकमंगलुरु और शिवमोगा जिले में मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से मंगलवार तक हवाएं चलने की आशंका जताई है।

Updated : 12 Oct 2021 10:41 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top