बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। 35 साल बाद बांग्लादेश को पुरुष पीएम मिला है। प्रचंड बहुमत के साथ नई सरकार ने 50 सदस्यीय मंत्रिमंडल बनाया।
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी(BNP) प्रमुख तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। करीब 35 वर्षों बाद देश को एक पुरुष प्रधानमंत्री मिला है। 60 वर्षीय रहमान को राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ ही नई कैबिनेट में 25 मंत्रियों और 24 नए राज्य मंत्रियों को जगह मिली है।
नए प्रधानमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह पारंपरिक स्थल बंगभवन के बजाय जातीय संसद के दक्षिण प्लाजा में आयोजित किया गया, जिसे राजनीतिक संकेतों के तौर पर भी देखा जा रहा है।
प्रचंड जनादेश के साथ सत्ता में वापसी
देश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव आयोजित किए गए थे। इसमें बीएनपी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। 297 सदस्यीय संसद में पार्टी ने 209 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, दक्षिणपंथी दल जमात-ए- इस्लामी को 68 सीटें मिलीं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग चुनाव मैदान से बाहर रही। इसके चलते मुकाबला काफी हद तक एकतरफा हो गया।
शपथ समारोह में अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के प्रतिनिधि ढाका पहुंचे। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष Om Birla ने भाग लिया। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। आगमन पर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बिरला ने इसे भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की बात कही।
50 सदस्यीय मंत्रिमंडल, कई नए चेहरे
तारिक रहमान के साथ 25 कैबिनेट मंत्री और 24 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। कुल 50 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 17 नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिली है, जबकि सभी राज्य मंत्री पहली बार पद संभाल रहे हैं। तीन टेक्नोक्रेट भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं।
प्रमुख मंत्रालयों की जिम्मेदारी किसे
नई सरकार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सलाहुद्दीन अहमद को सौंपी गई है, जबकि वित्त और योजना मंत्रालय अमीर खसरू महमूद चौधरी के पास गया है। विदेश मंत्रालय खलीलुर रहमान को मिला है। इसके अलावा कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पर्यावरण, श्रम, परिवहन और ग्रामीण विकास जैसे अहम मंत्रालयों में भी नए चेहरों को मौका दिया गया है।
विपक्ष की कमान भी तय
जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान को संसद में विपक्ष का नेता चुना गया है। वहीं नेशनल सिटिजन्स पार्टी की नाहिद इस्लाम को विपक्ष की चीफ व्हिप की जिम्मेदारी मिली है। इससे संसद में सशक्त विपक्ष की मौजूदगी का संकेत मिलता है।