अमेरिका और ईरान के बीच तनाव ने एक बार फिर गरम रूप लिया है। अमेरिका के हमलों के जवाब में ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमलों की नई लहर पूरी की है। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन, बहरीन और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका का होर्मुज स्ट्रेट पर लगभग पूरा नियंत्रण है।
अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में एयर डिफेंस सिस्टम, रडार, समुद्री ठिकाने, माइन बिछाने की क्षमता और कम्युनिकेशन साइट्स को निशाना बनाया गया।
अमेरिका के हमले के बाद ईरान का पलटवार
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है। ईरान की ओर से जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी हितों और सैन्य ठिकानों पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की बात कही गई है।जॉर्डन ने ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को intercept करने का दावा किया है। वहीं बहरीन ने भी अपने एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए ईरानी ड्रोन गिराने की जानकारी दी है। इन दावों के बीच अमेरिकी अधिकारियों ने ईरानी हमलों में बड़े पैमाने पर अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने के दावे को खारिज किया है।
ट्रंप का बड़ा दावा- होर्मुज पर लगभग पूरा कंट्रोल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत की जरूरत से इनकार किया है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास होर्मुज स्ट्रेट पर लगभग पूरा नियंत्रण है।होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि या जहाजों की आवाजाही में रुकावट का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।
होर्मुज बना जंग का सबसे बड़ा मोर्चा
अमेरिका का कहना है कि ईरानी बलों की ओर से कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने और होर्मुज में माइन बिछाने की कोशिशों के बाद कार्रवाई की गई। CENTCOM ने भी अपने बयान में अमेरिकी हमलों को इसी खतरे से जोड़ा है।होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया के बड़े हिस्से की तेल आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में यहां संघर्ष बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, शिपिंग लागत में बढ़ोतरी और वैश्विक महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। ताजा तनाव के बीच तेल बाजार में तेजी भी देखने को मिली है।
ईरान में शादी समारोह पर हमले का दावा
ईरान ने अमेरिकी हमलों में नागरिकों के मारे जाने का भी आरोप लगाया है। रिपोर्टों के मुताबिक, सिरिक के पास एक शादी समारोह से जुड़े इलाके में हुए हमले में कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की बात कही गई है।अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी अधिकारियों ने इसे नागरिकों पर हमला बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है। हालांकि, इस घटना से जुड़े आंकड़ों और जिम्मेदारी के दावों की स्वतंत्र पुष्टि सीमित है।