Home > विदेश > मोदी भारत के ही नहीं, भारतवंशियों के भी प्रधानमंत्री हैं

मोदी भारत के ही नहीं, भारतवंशियों के भी प्रधानमंत्री हैं

मोदी भारत के ही नहीं, भारतवंशियों के भी प्रधानमंत्री हैं
X

शिकागो/स्वदेश वेब डेस्क। मॉरिशस के उच्चायुक्त जदीश्वर गोवर्धन ने विश्व हिन्दू कांग्रेस के राजनैतिक सम्मेलन में शुक्रवार को कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कलियुग के नहीं, सतयुग के प्रधानमंत्री हैं। हम भले ही भारतीय मूल के मॉरिशस के नागरिक हैं, लेकिन मॉरिशस के लोग मोदी को भारत का ही नहीं, अपना प्रधानमंत्री भी मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह भोजपुरी को राजभाषा का दर्जा दिलाना चाहते हैं।

इस राजनैतिक सम्मेलन की अध्यक्षता सूरीनाम के उपराष्ट्रपति अश्विन अधीन ने की थी, जबकि वक्ता के रूप में दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल की एकमात्र सांसद संतोष कल्याणी, कैरिबियाई देश गयाना के त्रिदेव और चंद्र शर्मा ने भाग लिया। गोवर्धन ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि प्रधानमंत्री ने हाल में मॉरिशस हिन्दी सम्मेलन में यह कहकर हम भारत के मूलवंशियों का दिल जीत लिया कि उन्हें अगले वर्ष के प्रारंभ में गंगा स्नान के लिए भारत में वीजा की जरूरत नहीं होगी, सरकार उन्हें आवास और खानपान की सुविधा देगी।

वह मानते हैं कि हिन्दू धर्म भारत का ही नहीं, प्रवासी भारतीयों का भी है। हिन्दी और हिन्दू को अपने से अलग नहीं कर सकते हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि मॉरिशस के प्रवासी भारतीय जन्म देने वाली मां के अलावा धरती, गौ, भाषा, भारत माता, और गौ माता की वंदना करते हैं।

संतोष कल्याणी ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की पांच करोड़ चालीस लाख की आबादी में दो प्रतिशत भारतीय हैं। बेशक नस्ल भेद देखा जाता है, लेकिन महात्मा गांधी के अहिंसा आंदोलन का आज भी वहां के लोगों पर प्रभाव है। यह खुशी की बात है कि दक्षिण अफ्रीकी दूतावास के कारण प्रवासी भारतीय समुदाय भारतीय संस्कृति से जुदा हुआ है। वहां आज भी होली और दिवाली सहित सारे समारोह भारतीय दूतावास में मनाए जाते हैं।

गयाना के रविंद्र देव ने इस बात को रेखांकित किया कि सनातन धर्म भारत के लिए नहीं, भारतीय मूल के लोगों का भी है। आज भी वहां पूजा पाठ सनातन विधि से होता है। गयाना के प्रवासी भारतीय अपनी संस्कृति को भूले नहीं हैं।

Updated : 8 Sep 2018 3:29 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top