मुंबई के मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा। ऑटो रिक्शा चकनाचूर, 3-4 लोगों के घायल होने की खबर।
मुंबई में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मुलुंड पश्चिम में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा पर यह भारी हिस्सा आ गिरा और देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। हादसा LBS रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुआ बताया जा रहा है।
दोपहर 12:20 बजे अचानक टूटा पिलर का हिस्सा
Brihanmumbai Municipal Corporation (BMC) के मुताबिक, दोपहर करीब 12:20 बजे निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरा। सीमेंट का स्लैब सीधे एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले हल्की दरार जैसी आवाज आई और फिर भारी धमाके के साथ स्लैब नीचे गिर गया , लोग संभल भी नहीं पाए।
तीन से चार लोग घायल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा में सवार तीन से चार लोग घायल हुए हैं। एक कार भी इसकी चपेट में आने की बात सामने आई है। घटना के तुरंत बाद Mumbai Fire Brigade, पुलिस, मेट्रो स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
ट्रैफिक डायवर्ट, मलबा हटाने का काम जारी
हादसे के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है ताकि सड़क को दोबारा चालू किया जा सके। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं। मुंबई जैसे व्यस्त शहर में इस तरह की घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि गनीमत रही हादसा और बड़ा नहीं हुआ वरना नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।