माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी ने दुनियाभर में सरकारी संस्थानों, बैंकों और कंपनियों का काम प्रभावित कर दिया है । Outlook, Teams और Copilot समेत Microsoft 365 की कई सेवाएं बाधित हैं। ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और संघीय पुलिस, जापान का सरकारी कामकाज, हॉन्गकॉन्ग का बैंकिंग सेक्टर और फिलीपींस की अदालतें भी इसकी चपेट में आई हैं ।
ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और पुलिस भी प्रभावित
ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी ASIO और संघीय पुलिस (AFP) ने भी अपने सिस्टम प्रभावित होने की पुष्टि की है, जापान में सरकारी ईमेल सेवाओं और हॉन्गकॉन्ग में बैंकों के कर्मचारियों को परेशानी हुई। कुछ बैंक कर्मचारियों को ऑफलाइन काम करना पड़ा । फिलीपींस में भी अदालतों के कामकाज पर असर पड़ा, ब्रिटेन में पुलिस की ऑनलाइन शिकायत सेवा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े काम भी प्रभावित हुए।
भारत में स्पाइसजेट की 3 उड़ानें रद्द
भारत में इस तकनीकी गड़बड़ी का असर विमानन सेवाओं पर भी दिखा, शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट रद्द कर दीं, जबकि दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो उड़ानें देरी से रवाना हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी। इंडिगो और अकासा एयर ने भी एडवाइजरी जारी की। इंडिगो की ईमेल सहायता सेवा प्रभावित हुई, जबकि एयर इंडिया ने कहा कि उसकी उड़ानें सामान्य हैं और ईमेल ट्रैफिक दूसरे रास्ते से संचालित किया जा रहा है।

खराबी की वजह अभी स्पष्ट नहीं
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, उसके कई सर्वर अप्रत्याशित रूप से उपलब्ध नहीं हो पाए, जिससे सेवाओं पर दबाव बढ़ा। कंपनी ने कहा है कि उसे फिलहाल किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों के मंत्री के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट ने वहां की सरकार को शुरुआती तौर पर अपडेट से जुड़ी गड़बड़ी की आशंका बताई है।