जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। CRPF चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले के बाद से तलाशे जा रहे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को बुधवार को मुठभेड़ में मार गिराया गया। वह सुरक्षाबलों से बचने के लिए एक मस्जिद में छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, उसे कई बार आत्मसमर्पण का मौका दिया गया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन को अंजाम दिया।
वीडियो कॉल पर समझाया, फिर भी सरेंडर से इनकार
कुलगाम के एसएसपी अनायत अली के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट से संपर्क करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत की और हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने को कहा.उसे भरोसा दिलाया गया कि सरेंडर करने पर उसकी जान सुरक्षित रहेगी। लेकिन लतीफ ने इस पेशकश को ठुकरा दिया। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर कहा, 'मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है।'अधिकारियों के अनुसार, लतीफ रात करीब 2:45 बजे मस्जिद में दाखिल हुआ था। इसके बाद वहां से गोलीबारी शुरू कर दी। उसे बाहर निकालने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे।
मस्जिद को नुकसान से बचाकर चलाया ऑपरेशन
इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षाबलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मस्जिद की सुरक्षा थी। अधिकारियों ने धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती।सुरक्षाबलों ने मस्जिद के भीतर कार्रवाई करने के बजाय आंसू गैस के जरिए उसे बाहर आने के लिए मजबूर किया। बाहर निकलते ही उसे गोली मार दी गई। इस तरह लतीफ भट मुठभेड़ में मारा गया।
CRPF चेकपोस्ट हमले की साजिश में था शामिल
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ भट 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF चेकपोस्ट पर हुए हमले का मास्टरमाइंड था। इस हमले में उसके साथ आतंकी उमर निसार डार भी शामिल था।जांच में सामने आया था कि हमले से एक दिन पहले, 10 नवंबर को दोनों आतंकियों ने कुलगाम के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी। इनमें मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम शामिल थे।दोनों ने सुरक्षा बलों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी। उनकी यह गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई थीं। इसके बाद 11 नवंबर को दोनों ने अखरान स्थित CRPF चेकपोस्ट को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए।
एक साल पहले लश्कर में शामिल हुआ था लतीफ
कुलगाम के एसएसपी के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह आतंकी गतिविधियों के जरिए जम्मू-कश्मीर में शांति, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। उसे सीमा पार से निर्देश मिलने की बात भी सामने आई है।
अब आतंकी नेटवर्क की दूसरी कड़ियों पर नजर
लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नजर अब उसके सहयोगियों और आतंकी नेटवर्क पर है। खासतौर पर उमर निसार डार की तलाश और CRPF चेकपोस्ट हमले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अहम होगी। कुलगाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एजेंसियां सतर्क हैं।