कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हुए। पुलिस ने आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम मची भगदड़ ने पूजा की रौनक को मातम में बदल दिया। इस हादसे में 19 लोगों की जान चली गई। वहीं, घटना में 25 लोग घायल हुए हैं। मामले में जांच करते हुए पुलिस ने मामले में आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरीश पार्क थाने में दर्ज हुई FIR
गिरीश पार्क थाने में गिरफ्तार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में FIR दर्ज की गई है। इसके साथ ही कोलकाता पुलिस अब बाकी मृतकों की पहचान करने में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वालों में 13 महिलाएं हैं। इनमें नॉर्थ 24 परगना जिले की 12वीं की एक छात्रा और हुगली की एक नर्स भी शामिल हैं।
कोलकाता पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है इसमें चोरबागान पूजा कमेटी के सचिव राजकुमार सेओड़ा और उपाध्यक्ष शांतनु दुबे का नाम शामिल हैं। इसके साथ पंडाल बनाने के लिए बांस का ढांचा लगाने वाले बिप्लब मुखोपाध्याय का नाम भी है। दो लोग कौशिक साहा और पिंटू डे को गिरफ्तार किया गया है। इनको भीड़ संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इतना ही नहीं पंडाल की सिक्योरिटी में तैनात गार्ड सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल के नाम भी शामिल हैं।
बारिश, अंधेरा और संकरे रास्ते बने वजह
हादसे के पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने के बाद पंडाल में भीड़ जमा हो गई थी। अंदर अंधेरा था और एंट्री व एग्जिट के रास्ते संकरे थे। भीड़ के दबाव से एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लोगों से बाहर निकलने के लिए अनाउंसमेंट किया और उसी दौरान भगदड़ मच गई।
दो दिन पहले मिला था बेस्ट ऑफ बेस्ट सम्मान
हादसे से सिर्फ दो दिन पहले इस पंडाल को पश्चिम बंगाल सरकार के देवी दुर्गा सम्मान 2026 के तहत बेस्ट ऑफ बेस्ट कैटेगरी में चुना गया था। इस कैटेगरी में कोलकाता के केवल तीन पंडाल शामिल थे।
घायलों से मिलने पहुंचे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह घायलों का हाल जानने एक प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे। यहां पर भगदड़ के दौरान घायल हुए 14 लोगों का इलाज चल रहा है। इस दौरान पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। हॉस्पिटल में शाह ने डॉक्टरों से बात करने के बाद मरीजों से भी मिले। दो दिन के दौरे पर पहुंचे शाह ने घटना के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए। इतना ही नहीं वह घायलों से मुलाकात करने के बाद अमित शाह दिल्ली रवाना हो गए हैं।