जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बुधवार से लापता दोनों अधिकारियों के शव गुरुवार को दच्छन इलाके के जंगलों में मिले। उनके शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं। घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
लापता होने के दो दिन बाद जंगल में मिले शव
मृतक SPOs की पहचान बाबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई है। बाबी चंद 57 वर्ष के थे, जबकि रशपाल कुमार की उम्र 45 वर्ष थी। दोनों किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे।जानकारी के मुताबिक, बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए। काफी देर तक उनके मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो सका। बाद में दोनों के फोन स्विच ऑफ मिले, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
शरीर पर गोलियों के कई निशान, हथियार भी गायब
सुरक्षा बलों ने बुधवार से ही इलाके के ऊंचे पहाड़ी और घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया था। गुरुवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों SPOs के शव बरामद हुए। सूत्रों के अनुसार, शव उस स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर मिले, जहां से दोनों लापता हुए थे।दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं। खास बात यह है कि शवों के पास उनके हथियार नहीं मिले। ऐसे में अपहरण और हत्या के पीछे शामिल लोगों की तलाश के साथ घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
सेना और SOG ने संभाला मोर्चा
वारदात के बाद किश्तवाड़ के दुर्गम पहाड़ी और जंगली इलाकों में घेराबंदी बढ़ा दी गई है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रही हैं।सर्च ऑपरेशन के दौरान ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद भी ली गई। सुरक्षा एजेंसियां उन रास्तों और संभावित ठिकानों की जांच कर रही हैं, जहां हमलावरों के छिपे होने की आशंका है।