असम के काजीरंगा के पास शुक्रवार, 13 नवंबर को मिनीबस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई । मृतकों में ज्यादातर कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं हादसा इतना भीषण था कि मिनीबस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए । बचाव दल को यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी के हिस्से काटने पड़े।
NH-715 पर हुआ हादसा, बस में करीब 40 यात्री सवार थे
यह दुर्घटना गोलाघाट जिले में काजीरंगा के कोहोरा रेंज के पास रंगाजन में हाथीकुली चाय बागान के नजदीक हुई, मिनीबस ऊपरी असम के जोरहाट से गुवाहाटी जा रही थी । इसमें करीब 40 यात्री सवार बताए गए हैं। रास्ते में सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई । हादसे के बाद घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, यहां से 13 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
मौतों का आंकड़ा अलग-अलग
शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए थे, असम के मंत्री अतुल बोरा ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रशासन से मिली जानकारी के आधार पर कम से कम 20 लोगों की मौत की बात कही । उन्होंने शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार की आशंका भी जताई, लेकिन हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बस के 12 चालान कटने की भी खबर
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे का शिकार हुई गाड़ी के पहले 12 चालान कट चुके थे । इनमें 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया गया था जबकि 4,000 रुपये का एक चालान बकाया बताया गया है, इन चालानों और हादसे के बीच किसी संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है ।