आईआरसीटीसी ने 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में ई-पैंट्री सेवा शुरू की। अब यात्री ट्रेन की सीट पर ही ऑनलाइन खाना बुक कर सकेंगे
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 25 प्रमुख मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में ई-पैंट्री सेवा की शुरुआत की है। इससे यात्री अब यात्रा के दौरान अपनी सीट पर ही ऑनलाइन भोजन बुक कर सकेंगे। यह सुविधा उन ट्रेनों में उपलब्ध है, जिनमें भोजन टिकट के किराए में शामिल नहीं होता है। ऐसे में यात्री डिजिटल माध्यम से पहले ही खाना बुक कर सकते हैं। बता दें कि आईआरसीटीसी, रेल मंत्रालय, भारत सरकार का एक उपक्रम है। यात्रियों को बेहतर खानपान अनुभव प्रदान करना और रेल-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना आईआरसीटीसी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
टिकट के साथ ही खाना भी बुक होगा
आईआरसीटीसी के टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म में एकीकृत इस सुविधा के तहत कन्फर्म, आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्री भोजन और रेल नीर का पहले ही ऑर्डर दे सकते हैं, जिसे पैंट्री कार के कर्मचारी सीधे उनकी सीट पर पहुंचाएंगे। यदि बुकिंग के अनुसार भोजन डिलीवर नहीं किया जाता है, तो यात्रियों को रिफंड का अधिकार होगा। ई-पैंट्री सेवा शुरू होने से यात्री अब अपने भोजन की अग्रिम बुकिंग कर सुगम और सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे।