HAL ने तेजस जेट के क्रैश की खबरों पर सफाई दी है। कंपनी के अनुसार जमीन पर मामूली तकनीकी गड़बड़ी हुई थी, जिसकी जांच एयरफोर्स के साथ की जा रही है।
नई दिल्लीः हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने इंडियन एयर फोर्स के फाइटर जेट तेजस के कथित क्रैश की खबरों को सिरे से खारिज किया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि विमान के साथ हवा में कोई दुर्घटना नहीं हुई। ग्राउंड पर केवल मामूली तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी, जिसकी जांच की जा रही है। इससे पहले कुछ रिपोर्ट्स में ब्रेक फेल होने और विमान के रनवे से आगे निकलने की बात कही गई थी।
हवा में नहीं हुआ कोई हादसा
HAL ने बयान जारी कर कहा कि संबंधित तेजस विमान में जमीन पर तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन इसे क्रैश कहना गलत है। कंपनी के मुताबिक, एयरफोर्स के साथ मिलकर गड़बड़ी के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। HAL ने यह भी दावा किया कि तेजस का सुरक्षा रिकॉर्ड दुनिया के आधुनिक लड़ाकू विमानों में बेहतर माना जाता है।
पहले आई थी ब्रेक फेल होने की खबर
एक न्यूज एजेंसी ने रविवार देर रात सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान तेजस का ब्रेक फेल हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, विमान रनवे से आगे निकल गया था। हालांकि पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया, लेकिन विमान को नुकसान पहुंचने की बात कही गई थी। यह भी बताया गया कि विमान ट्रेनिंग उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। किस एयरबेस पर घटना हुई, इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।
पूरे बेड़े को ग्राउंड करने का दावा
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया कि घटना के बाद इंडियन एयर फोर्स ने तेजस के पूरे बेड़े को तकनीकी जांच के लिए अस्थायी रूप से ग्राउंड कर दिया है। जांच पूरी होने तक उड़ानों पर रोक की बात कही गई, हालांकि इस संबंध में एयरफोर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
पहले भी सामने आ चुके हैं हादसे
दावों के मुताबिक, तेजस से जुड़ी यह तीसरी घटना बताई जा रही है। मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर के पास एक तेजस जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वहीं नवंबर 2025 में दुबई एयरशो के दौरान एरियल डिस्प्ले में शामिल एक तेजस विमान के क्रैश होने की खबर सामने आई थी। हालांकि मौजूदा मामले में HAL ने साफ किया है कि इसे क्रैश कहना सही नहीं है।