नई दिल्ली से चेन्नई जा रही जीटी एक्सप्रेस के पार्सल वैन में नागपुर मंडल के पास आग लगी। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टला, जांच जारी।
नागपुर। नई दिल्ली से चेन्नई जा रही GT Express में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन के रियर पार्सल वैन में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना नागपुर रेल मंडल के सिंधी और तुलजापुर स्टेशन के बीच किलोमीटर 784/07 के पास हुई। ट्रेन संख्या 12616 के SLR (पार्सल वैन) से धुआं उठता देख तुरंत एक्शन लिया गया।
धुआं उठते ही रोकी गई ट्रेन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन की रफ्तार सामान्य थी तभी पीछे के डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने बिना समय गंवाए ट्रेन को रोका और प्रभावित पार्सल वैन को बाकी कोचों से अलग कर दिया। रेलवे सूत्रों का कहना है कि अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो आग अन्य डिब्बों तक फैल सकती थी।

दमकल और रेलवे टीम ने पाया काबू
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया और आसपास के ट्रैक की भी जांच की गई। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पार्सल वैन में रखे सामान की भी जांच की जा रही है। रेलवे के सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने और सुरक्षा जांच के बाद ट्रेन को करीब डेढ़ घंटे की देरी से रवाना किया गया।