नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोप पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और यूपी के डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आरोपों को खारिज करते हुए राहुल गांधी पर ही निशाना साधा। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया था।
राजीव चंद्रशेखर का राहुल पर सीधा हमला
भाजपा केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी को अपने दिमाग की जांच करवाने की सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कि पूरे सम्मान के साथ वे बस इतना ही कहना चाहते हैं कि राहुल को अपना दिमाग चेक करवाना चाहिए। चंद्रशेखर के मुताबिक राहुल का फोन टैप करने में किसी की कोई दिलचस्पी नहीं है।
चंद्रशेखर ने आगे तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी को कुछ जानना ही है तो यह जानना चाहिए कि राहुल का दिमाग रोज सिर्फ झूठ बोलने पर ही क्यों चलता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने विदेश हैकिंग की बात कही
उत्तर प्रदेश के डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसी विदेशी ने हैक किया है। मौर्य का कहना था कि किसी को उनका फोन हैक करने की जरूरत ही नहीं है।
इस्टाग्राम पर सवाल के जवाब में राहुल ने लगाया था आरोप
बता दें कि राहुल गांधी ने यह आरोप इंस्टाग्राम पर एक सवाल का जवाब देते हुए लगाया था। उन्होंने कहा था कि आमने-सामने की बहस से साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है और देश विरोधी कौन है। राहुल ने यह भी दावा किया कि उन्हें कई ऐसी जानकारियाँ पता हैं, जो उनके फोन में मौजूद हैं।