शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' ने रिलीज के दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 23.51 करोड़ का कलेक्शन किया है।
शाहिद कपूर की फिल्म ओ रोमियो ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। इसकी दो दिन की कमाई जान कर आप भी हैरान रह जाएंगे। साथ ही रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 भी सिनेमाघरों में जमकर धूम मचा रही है।
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ओ रोमियो ने रिलीज के दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कुल 23.51 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म ने पहले दिन 9 करोड़ की शुरुआत की थी और वीकेंड के दिन 14 फरवरी को इसने कलेक्शन में जोरदार शानदार उछाल देखा।
जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 9 करोड़ का कलेक्शन किया। उसके बाद शनिवार को फिल्म ने लगभग 14.50 करोड़ की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 23.51 करोड़ हो गया है।
वीकेंड का फायदा और बढ़त
ओपनिंग डे के मुकाबले फिल्म के कलेक्शन में 45 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है। देशभर में 4700 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज हुई इस फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 19.3 प्रतिशत रही। विशेषज्ञों का मानना है कि रविवार को भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
मर्दानी 3 और बॉर्डर 2 का हाल
सिनेमाघरों में इस समय मर्दानी 3 भी चल रही है। रानी मुखर्जी की इस फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन यानी तीसरे शनिवार को 1.65 करोड़ का कलेक्शन किया और कुल संग्रह अब 43.15 करोड़ रुपए हो गया है। इससे पहले, 23 जनवरी को रिलीज हुई बॉर्डर 2 ने भी अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। मल्टीस्टारर फिल्म ने रिलीज के 23वें दिन 1.90 करोड़ रुपए कमाए। बॉर्डर 2 का कुल इंडियन कलेक्शन 382 करोड़ रुपए और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 438 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
निर्देशक और कास्ट
फिल्म ओ रोमियो का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है। फिल्म में तृप्ति डिमरी, शाहिद कपूर, अविनाश तिवारी और नाना पाटेकर ने अहम भूमिकाएँ निभाई हैं। यह शाहिद और विशाल की चौथी साझा फिल्म है, इससे पहले दोनों ने कमीने, रंगून, और हैदर में साथ काम किया है।