तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता और राजनेता विजय को बड़ा झटका लगा है। उनके चुनावी हलफनामों में संपत्ति के अलग-अलग ब्योरे सामने आने पर मद्रास हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। मामला उस समय सामने आया जब याचिकाकर्ता वी. विग्नेश ने आरोप लगाया कि विजय द्वारा दाखिल दो अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों के हलफनामों में संपत्ति का विवरण मेल नहीं खाता।
चुनाव से पहले बढ़ी मुश्किलें
तिरुची पूर्व सीट से दाखिल हलफनामे में उनकी चल संपत्ति 224 करोड़ रुपये बताई गई, जबकि पेरंबूर सीट से दाखिल दस्तावेज में यह आंकड़ा 105 करोड़ रुपये दर्शाया गया है। इस तरह दोनों हलफनामों में करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का अंतर सामने आया है, जिसे याचिका में गंभीर विसंगति बताया गया है। कोर्ट ने इस पर प्राथमिक तौर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इतनी बड़ी असमानता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने किन्हें भेजा नोटिस
मद्रास हाईकोर्ट ने इस मामले में भारतीय निर्वाचन आयोग और आयकर विभाग को भी नोटिस जारी किया है। सभी पक्षों से जवाब मांगा गया है, जिसके बाद अगली सुनवाई होगी। गौरतलब है कि विजय ने 2024 में अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम की शुरुआत की थी और 2026 विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने चेन्नई के पेरंबूर और तिरुची पूर्व, दो सीटों से नामांकन दाखिल किया है।