Home > देश > रेल मंत्री ने दिखाई देश की पहली प्राइवेट ट्रेन को हरी झंडी, जानिए क्या है खासियत

रेल मंत्री ने दिखाई देश की पहली प्राइवेट ट्रेन को हरी झंडी, जानिए क्या है खासियत

रेल मंत्री ने दिखाई देश की पहली प्राइवेट ट्रेन को हरी झंडी, जानिए क्या है खासियत
X

नईदिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से देश की पहली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन भारत में भगवान श्री राम से जुड़े स्थानों का भ्रमण कराते हुए नेपाल तक जाएगी।

इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने इंदौर की एक महिला यात्री के शब्द दोहराये जिसने कहा कि यह ट्रेन जीवन की सबसे बड़ी सौगात है और वह इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहती हैं। उन्होंने इस ट्रेन को अपनी विरासत को अनुभव करने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि हम अपने इतिहास को भूल न जायें इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से भारतीय रेलवे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन का माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि योजना को बड़े स्तर पर शुरु करने से पहले एक सॉफ्ट लॉन्च किया गया था लेकिन ओमिक्रॉन के कारण इसमें देरी हुई। हालांकि अब यह अपने पहले वर्जन से बेहतर है। साथ ही तमिलनाडु के कोयंबटूर से महाराष्ट्र के साईनगर शिर्डी तक के लिए एक भारत गौरव ट्रेन रवाना हुई है। यह शिर्डी सांईबाबा की थीम पर आधारित है।

मंत्री ने भारत की सांस्कृतिक धरोहर को देश को एकसूत्र में बांधने का माध्यम करार दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में ऐसे और भी धार्मिक सर्किट विकसित किये जाएंगे। भारतीय रेलवे की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा संचालित यह विशेष ट्रेन श्री रामायण यात्रा सर्किट पर रवाना हो गई। यह ट्रेन 18 दिनों के टूर पैकेज में श्री रामायण यात्रा सर्किट पर भारत और नेपाल के बीच लगभग 8,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

यह ट्रेन रामायण सर्किट पर स्थित अयोध्या, नंदीग्राम, जनकपुर,सीतामढ़ी, बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर,चित्रकूट, नासिक, हंपी, रामेश्वरम, कांचीपुरम और भद्राचलम जैसे प्रमुख स्थानों पर भी जाएगी।

ट्रेन में कुल 14 थर्ड एसी कोच हैं और इसकी कुल क्षमता 600 यात्रियों की है। इसका यात्रा पैकेज 65 हजार रुपये का है। ट्रेन को कलात्मक रूप से सजाने के साथ ही यात्रियों को अटैच किचनकार, मनोरंजन सुविधा और सीसीटीवी के साथ अन्य सुविधाएं हैं। इसके प्रत्येक कोच में भारत गौरव थीम के विभिन्न पहलुओं जैसे नृत्य, भोजन और परिधान को दर्शाया गया है।

इस मौके पर केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, भारत में नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 23 नवंबर 2021 को थीम आधारित पर्यटक सर्किट पर चलने के लिए भारत गौरव ट्रेन शुरू करने की घोषणा की थी। सेवा प्रदाता सिख संस्कृति के अहम स्थलों को कवर करने के लिए गुरु कृपा ट्रेन, भगवान श्रीराम से जुड़े स्थानों के लिए रामायण ट्रेन आदि जैसे विषय निर्धारित करने के लिए स्वतंत्र होंगे। सेवा प्रदाता पर्यटकों को रेल यात्रा, होटल विश्राम, दृश्य देखने की व्यवस्था, ऐतिहासिक विरासत स्थलों का भ्रमण, टूर गाइड आदि सहित सभी समावेशी पैकेज की पेशकश करेगा।

Updated : 21 Jun 2022 2:36 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top