Home > देश > हाथरस सामूहिक बलात्कार पर अक्षय कुमार बोले - दोषियों को फांसी पर लटका देना चाहिए

हाथरस सामूहिक बलात्कार पर अक्षय कुमार बोले - दोषियों को फांसी पर लटका देना चाहिए

हाथरस सामूहिक बलात्कार पर अक्षय कुमार बोले - दोषियों को फांसी पर लटका देना चाहिए
X

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, फरहान अख्तर, कंगना रनौत, रिचा चड्ढा सहित अन्य अभिनेताओं ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में 19 साल की युवती से सामूहिक बलात्कार और उसकी मौत के मामले में दोषियों के लिए कठोर सजा की मांग की है।

युवती से 14 सितंबर को सामूहिक बलात्कार हुआ। उसे अलीगढ़ के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत में कोई सुधार नहीं होने पर सोमवार को उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा है कि घटना से वह बहुत निराश हैं। उन्होंने दोषियों को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया, "हाथरस सामूहिक बलात्कार में इतनी क्रूरता, बर्बरता। कब रुकेगा ये सब? हमारे कानून और उनका अनुपालन इतना कड़ा होना चाहिए कि सजा की सोच कर ही बलात्कार करने वालों की रूह कांप जाये। ऐसे दोषियों को फांसी पर लटका देना चाहिए। बेटियों और बहनों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाएं। हम कम से कम इतना तो कर सकते हैं।"

वहीं, कंगना रनौत ने लिखा, "इन रेपिस्ट को गोली मार दो। गैंग रेप का आखिर उपाय क्या है जो हर साल बढ़ रहे हैं? देश के लिए कितना दुखद और शर्मनाक दिन है। हमें खुद पर शर्म करनी चाहिए। अपनी बेटियों के आगे हम फेल हो रहे हैं।"

रितेश देशमुख ने भी समान राय व्यक्त की। उनका मानना है कि ऐसा अपराध करने वालों को सार्वजनिक रूप से फांसी दी जानी चाहिए।

बलात्कार के बाद आरोपियों ने युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या करनी चाही थी। अलीगढ़ अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया था कि युवती के पैर काम नहीं कर पा रहे थे, जबकि हाथों ने आंशिक रूप से काम करना बंद कर दिया था।

रिचा चड्ढा ने लिखा है, "हाथरस पीड़िता को न्याय मिले। सभी को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। दोषियों को सजा दो।" फरहान अख्तर ने दिल टूटने का इमोजी पोस्ट करते हुए लिखा, "यह बहुत दुखद, दुखद दिन है। इसे कब तक चलने देंगे हम।"

स्वरा भास्कर ने कहा कि क्रूर/बर्बर सामूहिक बलात्कार इस बात का सबूत है कि पैशाचिक प्रवृत्ति का कोई ओर-छोर नहीं है। हम बीमार, अमानवीय समाज हो गए हैं। शर्मनाक है। दुखद।



Updated : 29 Sep 2020 2:55 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top