गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट टेकऑफ के महज दो मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। हादसे में विमान में सवार 240 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में अब तक सिर्फ दो लोगों के बचने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी सभी यात्रियों की मौत हो चुकी है।
पुलिस कमिश्नर के हवाले से ANI ने बताया कि सीट नंबर 11-A पर बैठे भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार जीवित बचे हैं। उनका एक वीडियो भी सामने आया है। एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। इससे पहले सभी यात्रियों की मौत की खबर सामने आई थी।
फ्लाइट नंबर AI-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, ने दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ किया था और दो मिनट बाद, यानी 1:40 बजे एयरपोर्ट कैंपस के पास स्थित एक बिल्डिंग से टकराकर क्रैश हो गई।
विमान में कौन-कौन थे सवार?
इस फ्लाइट में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स थे।
169 भारतीय नागरिक
53 ब्रिटिश नागरिक
7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक
दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने पहले उनके निधन की पुष्टि X (पूर्व ट्विटर) पर की, हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी।
बिल्डिंग में मौजूद थे डॉक्टर, 15 से ज्यादा घायल
जहां यह विमान गिरा, वह स्थान अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का हॉस्टल बताया जा रहा है। हादसे के समय इमारत में करीब 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें से 15 से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पहचान में आ रही है मुश्किल
हादसे के बाद मिलीं लाशें इतनी बुरी तरह झुलस चुकी हैं कि पहचान कर पाना असंभव हो गया है। पुलिस ने बताया कि DNA टेस्ट के जरिए ही शवों की शिनाख्त संभव होगी।