Ahmedabad Plane Crash: एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश में 2 लोगों को छोड़कर सभी यात्रियों की मौत, पूर्व CM रूपाणी का भी निधन...

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट टेकऑफ के महज दो मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। हादसे में विमान में सवार 240 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में अब तक सिर्फ दो लोगों के बचने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी सभी यात्रियों की मौत हो चुकी है।
पुलिस कमिश्नर के हवाले से ANI ने बताया कि सीट नंबर 11-A पर बैठे भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार जीवित बचे हैं। उनका एक वीडियो भी सामने आया है। एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। इससे पहले सभी यात्रियों की मौत की खबर सामने आई थी।
फ्लाइट नंबर AI-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, ने दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ किया था और दो मिनट बाद, यानी 1:40 बजे एयरपोर्ट कैंपस के पास स्थित एक बिल्डिंग से टकराकर क्रैश हो गई।
विमान में कौन-कौन थे सवार?
इस फ्लाइट में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स थे।
169 भारतीय नागरिक
53 ब्रिटिश नागरिक
7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक
दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने पहले उनके निधन की पुष्टि X (पूर्व ट्विटर) पर की, हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी।
बिल्डिंग में मौजूद थे डॉक्टर, 15 से ज्यादा घायल
जहां यह विमान गिरा, वह स्थान अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का हॉस्टल बताया जा रहा है। हादसे के समय इमारत में करीब 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें से 15 से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पहचान में आ रही है मुश्किल
हादसे के बाद मिलीं लाशें इतनी बुरी तरह झुलस चुकी हैं कि पहचान कर पाना असंभव हो गया है। पुलिस ने बताया कि DNA टेस्ट के जरिए ही शवों की शिनाख्त संभव होगी।
Live Updates
- 12 Jun 2025 2:52 PM IST
इलाज के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था :
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट किया, "अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।"
- 12 Jun 2025 2:47 PM IST
हम उच्चतम अलर्ट पर हैं - नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने ट्वीट किया, "अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं। हम उच्चतम अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है, और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा सहायता और राहत सहायता घटनास्थल पर पहुंचाई जाए।"
- 12 Jun 2025 2:45 PM IST
गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की :
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। सीएम सूरत से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
- 12 Jun 2025 2:43 PM IST
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी भी इस प्लेन में सवार थे
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि, एयर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। बताया जा रहा है कि, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी भी इस प्लेन में सवार थे।
