SwadeshSwadesh

मोदी सरकार फिर आने पर 100 साल आगे बढ़ जाएगा देश : केशव मौर्य

Update: 2019-04-01 14:11 GMT

मेरठ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार अगर देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से देश की सेवा का मौका दिया तो देश अगले पांच सालों में 100 साल की तरक्की कर जाएगा। भाजपा सरकार ने पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाया।

सोमवार को मेरठ के शताब्दी नगर में मेरठ से भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र अग्रवाल के समर्थन में जनसभा में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की जमकर प्रशंसा की। उप मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा गरीबों, महिलाओं और किसानों के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री आवास, मानधन योजना आयुष्मान योजना सहित अन्य कई योजनाओं का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में सपा सरीखी गुंडई जैसी सरकार थी तो जनता बुरी तरह से त्रस्त थी। इसके बाद प्रदेश की जनता ने यूपी में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनवाई। ऐसे में जब आज केंद्र और प्रदेश दोनों में भाजपा की सरकार है और वोटर कहीं भी वोट देने के लिए स्वतंत्र है तो फिर किस बात का डर। उन्होंने जनता से खुलकर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एक बार फिर मोदी सरकार बनने के बाद देश 100 साल आगे निकल जाएगा। नरेंद्र मोदी सरकार ने पूरे देश का मान दुनिया भर में बढ़ाया है। सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों ने प्रदेश व देश को लूटा। अब भाजपा देश और प्रदेश का विकास कर रही है। इन विकास कार्यों के कारण ही गठबंधन धड़ाम हो जाएगा और भाजपा 74 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। इस मौके पर अश्विनी त्यागी, जयकरण गुप्ता, मुकेश सिंघल, रविंद्र भडाना, विधायक सोमेंद्र तोमर, विधायक सत्यवीर त्यागी आदि मौजूद थे।

Similar News