SwadeshSwadesh

रामपुर और आजमगढ़ में शाम 5 बजे तक 42 फीसदी मतदान, केंद्रीय मंत्री नकवी ने डाला वोट

Update: 2022-06-23 06:57 GMT

रामपुर। उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। अपराह्न पांच बजे तक दोनों सीटों के लिए औसतन 41.66 प्रतिशत मतदान हुआ। रामपुर में मतदान का प्रतिशत 37.01 और आजमगढ़ में 45.97 फीसद रहा।समाचार लिखे जाने तक कहीं से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दोनों सीटों के लिए शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। हालांकि, समाचार लिखते समय शाम के छह बज चुके हैं, लेकिन मतदान की अवधि समाप्त होने तक जो लोग मतदान केंद्र तक पहुंच चुके हैं, उन्हें वोट देने का अवसर मिलेगा। इस उपचुनाव में कुल 35.45 लाख मतदाता हैं।

इसी बीच रामपुर में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नकवी ने दनियापुर बूथ पर अपने वोट डाला है। मतदान के बाद मीडिया से रुबरू हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जनता विकास और सुशासन के लिए मतदान कर रही है। मेरा सभी मतदाताओं से आग्रह है कि ज्यादा से ज्यादा अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।

गौरतलब है कि आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा मुखिया अखिलेश यादव और रामपुर सीट से सपा के ही मो. आजम खान के इस्तीफे के बाद दोनों सीटों के लिये उपचुनाव हो रहा है। दोनों सीटों पर भाजपा और सपा उम्मीदवारों के बीच सीधी लड़ाई देखी जा रही है। हालांकि, आजमगढ़ में बसपा ने लड़ाई को त्रिकोणात्मक बनाने का भरसक प्रयास किया है।

Tags:    

Similar News