बहराइच: नहीं रहे केडीसी के रिटायर्ड प्रोफेसर बृजेश प्रताप सिंह

सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष एवं एसोशिएट प्रोफेसर बृजेश प्रताप सिंह का हृदय गति रुकने से उनके लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया।

Update: 2021-05-01 12:22 GMT

बहराइच: किसान पी.जी कॉलेज, बहराइच के एक और शिक्षक का निधन हो गया। सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष एवं एसोशिएट प्रोफेसर बृजेश प्रताप सिंह का हृदय गति रुकने से उनके लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन का समाचार सुनकर उनके मित्रों व विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गयी। इसी अप्रैल माह में ही महाविद्यालय ने अपने अनेक शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को खोया है।

महाविद्यालय परिवार इस तरह एक के बाद एक अपने सदस्यों के जाने से अवसाद ग्रस्त हो गया है। इस संबंध में मध्यकालीन इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.सत्यभूषण सिंह ने बताया कि बृजेश प्रताप सिंह लगभग साढ़े तीन दशक लंबी सेवाएं देने के बाद 2014 में महाविद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी मालती सिंह महिला पी.जी. कॉलेज में संगीत विभाग से सेवानिवृत्त हुई हैं।

उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ.एस.पी. सिंह ने कहा कि मैंने और ब्रृजेश प्रताप सिंह ने एक साथ ही महाविद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्य करना शुरू किया था। वे महाविद्यालय की पत्रिका प्रेरणा के संपादन में भी सक्रिय रहे। वे एक सहज और संवेदनशील इंसान थे।

उनके निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में केडीसी के प्रोफेसर राजेश्वर सिंह, रिसिया के पूर्व प्राचार्य डॉ. गणेश प्रसाद, व महाविद्यालय परिवार के अनेक लोग हैं।

Tags:    

Similar News