SwadeshSwadesh

शिक्षा के मंदिरों को जेलखाने में तब्दील कर रही सरकार: चंद्रशेखर

भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में अस्थाई जेल बनाए जाने पर विरोध जताया।

Update: 2021-04-05 12:57 GMT

मेरठ: सोमवार को मेरठ पहुंचे भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में अस्थाई जेल बनाए जाने पर विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के मंदिरों को जेलखाने में तब्दील कर रही है। वहीं इस बात का विरोध करने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता छात्रों को कॉलेजों से ब्लैक लिस्ट किया जा रहा है।

बताते चलें भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद सोमवार को मेरठ में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। तेजगढ़ी चौराहे पर बाबू जगजीवन राम की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद चंद्रशेखर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां मुख्य द्वार पर विश्वविद्यालय के छात्रों ने चंद्रशेखर का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से हुई बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर तानाशाही रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि शासन और प्रशासन मिलकर शिक्षा के मंदिरों को जेलखानों में तब्दील कर रहा है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बनाई जा रही अस्थाई जेल का उनकी पार्टी के जिला प्रभारी ने विरोध किया। जिसके बाद सीसीएसयू के अधिकारियों ने उनकी पार्टी के जिला प्रभारी को ब्लैक लिस्ट कर दिया। चंद्रशेखर ने चेतावनी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताते चलें चंद्रशेखर आजाद मेरठ में पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं से चर्चा करने पहुंचे थे।

Tags:    

Similar News