SwadeshSwadesh

गाजियाबाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने पत्रकार को गोली मारी, हालत गंभीर

पांच आरोपित गिरफ्तार, पत्रकारों में रोष व्याप्त

Update: 2020-07-21 06:59 GMT

गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मार दी। पत्रकार को गंभीर अवस्था में नेहरूनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। पत्रकार पर हमला जिस वक्त किया गया उस समय उनकी दो बेटियां भी उनके साथ थीं। इस घटना के बाद शहर के तमाम पत्रकारों में रोष व्याप्त है। घटना की सूचना के बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी अस्पताल पहुंचे तथा घटना से सम्बंधित जानकारी ली। उधर एसपी सिटी मनीष मिश्रा ने खुद मौका मुआयना कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया। हालांकि सुबह होते-होते पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

एक स्थानीय अखबार में काम करने वाले विक्रम जोशी यहां सेक्टर 12 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की देर रात जोशी अपनी मोटरसाइकिल से सेक्टर 12 में जा रहे थे। जब वह रोजी कॉलोनी के सामने तिराहे पर हलवाई की दुकान पर पहुंचे तभी मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पहले तो उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। उनकी बेटियां मदद के लिए चिल्लाती रहीं लेकिन बदमाशों को दया नहीं आई। बदमाशों ने जोशी के सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अपने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक नगर मनीष मिश्रा ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। वारदात में शामिल रवि कुमार समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी ओर पत्रकार के परिजनों का कहना है कि कुछ युवक जोशी की भांजी को साथ छेड़छाड़ करते थे, जिस का विरोध करते थे और उन्होंने इस संबंध में पुलिस ने भी तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई खास कार्रवाई नहीं की। उनकी बहन रोजी कॉलोनी में रहती है। परिजनों का आरोप है कि छेड़छाड़ करने वाले युवकों ने उस पर हमला किया है। विक्रम जोशी की इन युवकों के साथ बहस भी हुई थी।

Tags:    

Similar News