SwadeshSwadesh

अखिलेश यादव ने नामांकन किया दाखिल

जनता चौकीदार और ठोकीदार की चौकी जरूर छीनेगी : अखिलेश यादव

Update: 2019-04-18 13:12 GMT

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ठोकीदार शब्द से सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री ठोकीदार हैं। जो हमेशा सबको ठोकते रहते हैं। इस बार जनता चौकीदार और ठोकीदार की चौकी जरूर छीनेगी।

गुरुवार को सदर लोकसभा सीट से गठबंधन के उम्मीदवार अखिलेश यादव ने नामांकन किया। इसके बाद सपा मुखिया ने नगर के बैठौली बाइपास पर एक जनसभा को सम्बोधित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि मैने नेताजी और मायावती का आशीर्वाद लेकर नामांकन पत्र भरा है। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों व आंगनबाड़ियों सहित कई कर्मचारियों को भाजपा ने केवल धोखा दिया है। पूर्वांचल की जनता तानाशाह सरकार को हटाने का काम करेगी। सपा-बसपा और रालोद का गठबंधन महा मिलावट नहीं, बल्कि महापरिवर्तन का गठबंधन है। हमारे गठबंधन में केवल तीन दल शामिल हैं लेकिन भाजपा ने 38 दलों के साथ गठबंधन किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने रोजगार में चोरी की और जनता को बहकाया है। कई उद्योगपति देश की जनता के पैसे लेकर विदेश भाग गये। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े लड़ाकू विमान सपा सरकार द्वारा बनाई गई सड़क पर उतरे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का काम रोकने के पीछे प्रदेश की योगी सरकार का हाथ है। अगर वे सत्ता में आए तो पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के कार्य को पूरा कराएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव आम चुनाव नहीं बल्कि देश का भविष्य बदलने वाला चुनाव है। मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अधिकारियों को मुख्यमंत्री आवास पर तड़के सुबह भेज कर बंगले की टोटी चेक करा रहे थे। लखनऊ से जब भी ठोकीदार सरकार जाएगी तो मैं अधिकारियों से चिलम ढूंढ कर लाने को कहूंगा।

Similar News